Pakistans: खैबर पख्तूनख्वा में गैस पाइपलाइन में विस्फोट, 8 लोगों की मौत
punjabkesari.in Friday, Apr 17, 2026 - 09:56 AM (IST)
पेशावर: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा के एक औद्योगिक क्षेत्र में वीरवार को गैस पाइपलाइन में विस्फोट होने से कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई। पाकिस्तान में आपातकालीन सेवा मुहैया कराने वाले 'रेस्क्यू 1122' के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
यह घटना हरिपुर जिले के 'हत्तर इंडस्ट्रियल एस्टेट' में हुई। 'रेस्क्यू 1122' के सूत्रों के अनुसार, यह विस्फोट 'ग्रैंड ट्रंक रोड' के पास एक कारखाने के निकट हुआ, जहां गैस पाइपलाइन में हुए जोरदार धमाके के बाद भीषण आग लग गई। निकट स्थित एक मकान भी आग की चपेट में आ गया, जिससे नुकसान बढ़ गया और बचाव कार्य जटिल हो गया। उन्होंने बताया कि इस घटना में आठ लोगों की मौत हो गई।
हरिपुर के जिला पुलिस अधिकारी ने बताया कि आग के तेजी से फैलने के बीच कम से कम चार महिलाओं और छह बच्चों को बचा लिया गया है। उन्होंने बताया कि कई महिलाएं और बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए हैं और बचाव कार्य जारी है। हरिपुर के उपायुक्त वसीम अहमद ने कहा कि लोगों की मौत का मुख्य कारण दम घुटना प्रतीत होता है।
