पुतिन ने रिकॉर्ड मतों से जीता रूस राष्ट्रपति पद का एकतरफा चुनाव, लगातार 5वीं बार संभालेंगे कार्यभार

punjabkesari.in Monday, Mar 18, 2024 - 03:20 PM (IST)

मॉस्कोः व्लादिमीर पुतिन ने रिकॉर्ड मतों से रूस राष्ट्रपति पद का एकतरफा चुनाव जीत कर  5वीं बार  सत्ता पर कब्जा कर लिया है।रूस के केंद्रीय चुनाव आयोग ने सोमवार को कहा कि देश में हुए राष्ट्रपति पद के चुनाव में व्लादिमीर पुतिन ने जीत दर्ज की है और उन्होंने रिकॉर्ड मत प्रतिशत के साथ राष्ट्रपति पद का पांचवां कार्यकाल हासिल किया है।

 

सोवियत काल के बाद से विपक्ष और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर की गई देश की सबसे क्रूर कार्रवाई के बीच चुनाव के ये नतीजे आए हैं। पुतिन के सामने नाममात्र के सिर्फ तीन उम्मीदवार थे और यूक्रेन युद्ध का विरोध करने वाले किसी भी व्यक्ति को पुतिन के खिलाफ चुनाव लड़ने की अनुमति नहीं थी। पुतिन दिसंबर 1999 से राष्ट्रपति या प्रधानमंत्री के तौर पर रूस का नेतृत्व कर रहे हैं। रूस के केंद्रीय चुनाव आयोग ने सोमवार को कहा कि करीब 100 फीसदी क्षेत्रों में पड़े मतों की गिनती कर ली गई है और पुतिन को 87.29 फीसदी वोट मिले हैं।

 

आयोग की प्रमुख एला पैम्फिलोवा ने कहा कि पुतिन के लिए करीब 7.6 करोड़ लोगों ने मतदान किया है जो उन्हें हासिल अब तक के सबसे ज्यादा वोट हैं। पुतिन ने अपने विजयी भाषण में कहा कि मैं रूस के सभी नागरिकों को धन्यवाद देना चाहता हूं, क्योंकि हम एक टीम हैं। उन्होंने कहा कि एक देश में सत्ता का स्रोत रूसी लोग हैं और वह रूस के प्रत्येक नागरिक की आवाज है। पुतिन ने कहा कि हर आवाज में हम रूसी संघ के लोगों के एक राष्ट्रमंडल का निर्माण कर रहे हैं। उन्होंने रक्षा, विज्ञान और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में देश की प्रगति को आगे बढ़ाने में नागरिक भागीदारी की भूमिका पर भी जोर दिया।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News