पुतिन को चौथी बार मिली रूस की कमान, एजेंट से राष्ट्रपति बनने तक का ऐसा रहा सफर

Monday, Mar 19, 2018 - 02:24 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क: रूस में राष्ट्रपति चुनाव में भारी बहुमत से जीत दर्ज करने के बाद व्लादिमिर पुतिन चौथी बार  सत्ता में काबिज हो गए हैं। करीब दो दशक से रूस पर शासन कर रहे पुतिन ने 76.67 प्रतिशत मतों के साथ अब तक का सबसे शानदार चुनावी प्रदर्शन किया है। स्टालिन के बाद पुतिन देश में सबसे लंबे समय तक सत्ता में रहने वाले नेता बन गए हैं। हालांकि उन्होंने आजीवन राष्ट्रपति बने रहने की संभावना को खारिज कर दिया है। राजनीति में आने से पहले पुतिन ने 17 साल रूसी खुफिया एजेंसी केजीबी में​ काम किया। पढ़िए चौथी बार रूस के राष्ट्रपति बने पुतिन के बारे में कुछ खास बातें:-

खुफिया एजेंसी जासूस रह चुके हैं पुतिन 
व्‍लादिमीर पुतिन का जन्‍म 7 अक्‍टूबर, 1952 को लेनिनग्राड में हुआ था। 1970 में उन्होंने सेंट पीटर्सबर्ग स्‍टेट यूनिवर्सिटी में कानून की पढ़ाई शुरू की। 1975 में पुतिन ने केजीबी ज्‍वाइन की। 1999 में वह पहली बार राष्ट्रपति बने थे। वे बोरिस येल्तसिन के इस्तीफा देने के बाद इस पद पर काबिज हुए थे। सात मई, 2000 को उन्होंने पहली बार रूस के राष्‍ट्रपति का पद संभाला। 2008 में वह फिर प्रधानमंत्री बने। 2012 में तीसरे कार्यकाल के लिए रूस के प्रधानमंत्री चुने गए।

फिटनेस को लेकर रहते हैं चर्चा में 
पुतिन अपनी फिटनेस को लेकर चर्चा में रहते हैं। उनकी उम्र 65 साल है इसके बावजूद उनका शरीर किसी एथलीट की तरह है। खबरों के अनुसार वह अपने सुबह का समय वर्कआउट में गुजारते हैं और स्विमिंग करना पसंद करते हैं। पुतिन ज़िंदगी का आनंद लेते रहे हैं। वो साल 2000 में चुनावों के दौरान फाइटर जेट उड़ाते दिखे। 2011 में बाइकर्स फेस्टिवल में पुतिन स्पोर्ट्स बाइक चलाते हुए शामिल हुए। उन्हे जूडो और आइस हॉकी खेलना काफी पसंद है।

31 साल छोटी लड़की से रहा रिश्ता 
पुतिन ने 1983 में ल्‍यूडमिला पुतिना से शादी की, 2014 में उनका उनसे तलाक हो गया। इसके बाद वह रूसी जिमनास्‍ट एलिना काबेवा के करीब आए। वह पुतिन से 31 साल छोटी हैं। हालांकि रूसी सरकार हमेशा ही दोनों के रिश्‍तों को नकारती आई है। बता दें कि रूस को एक आधुनिक सैन्य ताकत के रूप में पहचान दिलाने में व्लादिमीर पुतिन का बड़ा योगदान है। अमेरिका से शीत युद्ध के बाद उन्होंने रूस को एक आधुनिक सैन्य ताकत के रूप में नई पहचान दिलाई।

Punjab Kesari

Advertising