सूडान में संघर्षरत पक्षों ने अस्थायी संघर्ष-विराम पर सहमति जताई : अमेरिकी-सऊदी मध्यस्थ

punjabkesari.in Sunday, May 21, 2023 - 09:37 AM (IST)

वाशिंगटन, 21 मई (एपी) सूडान में संघर्षरत धड़ों ने नए अस्थाई संघर्ष-विराम समझौते पर सहमति जताई है। अमेरिका और सऊदी अरब के मध्यस्थों ने शनिवार को यह घोषणा की।
संघर्ष-विराम की इससे पहले की सभी कोशिशें नाकाम हो चुकी हैं।
अमेरिका और सऊदी अरब ने एक संयुक्त बयान में कहा कि सऊदी के बंदरगाह शहर जेद्दा में सूडान की सेना और ‘रैपिड सपोर्ट फोर्सेस’ (आरएसएफ) के बीच सात दिवसीय संघर्ष-विराम समझौते पर हस्ताक्षर हुए, जो सूडान के स्थानीय समयानुसार सोमवार पौने दस बजे से लागू होगा।
बयान के मुताबिक, यदि दोनों पक्ष सहमत होते हैं, तो संघर्ष-विराम की अवधि बढ़ाई जा सकती है।

इसमें कहा गया है, ‘‘दोनों पक्षों ने सऊदी अरब और अमेरिका के मध्यस्थों को समझौते पर हस्ताक्षर के बाद और संघर्ष-विराम की शुरुआत से पहले की 48 घंटे की अवधि में कोई सैन्य कार्रवाई नहीं करने की अपनी प्रतिबद्धता से अवगत कराया है।’’
इससे पहले, सूडानी सेना और आरएसएफ ने जेद्दा में एक समझौते पर हस्ताक्षर किए थे, जिसमें आम नागरिकों की सुरक्षा और संघर्ष से प्रभावित लोगों के लिए मानवीय सहायता का प्रवाह सुनिश्चित करने का वादा किया गया था, लेकिन इससे पहले के सभी संघर्ष-विराम समझौते असफल रहे थे।

जनरल अब्देल फतह बुरहान के नेतृत्व वाली सूडानी सेना और मोहम्मद हमदान डागलो के नेतृत्व वाली आरएसएफ के बीच अप्रैल के मध्य से सत्ता को लेकर संघर्ष जारी है, जिसने हजारों लोगों को पड़ोसी देशों में पलायन करने के लिए मजबूर किया है।

संघर्ष छिड़ने के बाद से देश के अधिकतर हिस्सों में अराजकता फैल गई है। राजधानी खार्तूम शहरी युद्धक्षेत्र में तब्दील हो गई है और पश्चिमी दारफुर क्षेत्र में घातक जनजातीय संघर्ष जारी है।
एपी सिम्मी पारुल पारुल 2105 0936 वाशिंगटन

यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News

Related News