पाकिस्तान में बड़े मौलाना की गोली मारकर हत्या, चलती गाड़ी पर किया हमला

punjabkesari.in Tuesday, May 05, 2026 - 03:00 PM (IST)

Peshawar: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में मंगलवार को लक्षित हमले में एक प्रमुख धर्मगुरु की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि अज्ञात बंदूकधारियों ने चारसद्दा जिले के उस्मानज़ई इलाके में शेख-उल-हदीस मौलाना मोहम्मद इदरीस के वाहन पर घात लगाकर हमला किया, जिसमें उनके साथ मौजूद दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। इदरीस को पाकिस्तान के वरिष्ठ और सम्मानित धार्मिक विद्वानों में गिना जाता था। पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने धर्मगुरु पर उस समय गोली चलाई, जब वह दारुल उलूम उस्मानज़ई में दर्स-ए-हदीस (धार्मिक प्रवचन) देने जा रहे थे। उन्हें गंभीर चोटें आईं और जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई।

 

बाद में शव को चारसद्दा जिला स्थित उनके पैतृक गांव तुरंगज़ई ले जाया गया। उनकी मौत की खबर सुनकर बड़ी संख्या में अनुयायी अस्पताल में जमा हो गए। इस हत्या के बाद इलाके में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए, जिसमें सैकड़ों प्रदर्शनकारी चारसद्दा शहर की ओर मार्च करते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। प्रदर्शनकारियों ने फारूक-ए-आजम चौक पर धरना भी दिया। खैबर पख्तूनख्वा के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) जुल्फिकार हमीद ने मरदान के क्षेत्रीय पुलिस अधिकारी से एक रिपोर्ट मांगी है, जिसमें अधिकारियों को अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने हमले की निंदा की और पुलिस अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News