नोबेल सीज़न की शुरुआत: पेरिफेरल इम्यून टॉलरेंस’ खोज पर तीन वैज्ञानिकों को नोबेल सम्मान!

punjabkesari.in Monday, Oct 06, 2025 - 04:43 PM (IST)

International Desk: मैरी ई ब्रुनको, फ्रेड रैमस्डेल और शिमॉन साकागुची को ‘पेरिफेरल इम्यून टॉलरेंस' से संबंधित उनकी खोजों के लिए इस साल का चिकित्सा का नोबेल पुरस्कार देने की सोमवार को घोषणा की गई। ‘पेरिफेरल इम्यून टॉलरेंस' या परिधीय प्रतिरक्षा सहिष्णुता एक ऐसा तरीका है, जिससे शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को अनियंत्रित होने और बाहरी आक्रमणकारियों के बजाय अपने ही ऊतकों पर हमला करने से रोकने में मदद मिलती है। यह वर्ष 2025 के नोबेल पुरस्कारों की पहली घोषणा है और स्टॉकहोम के कारोलिंस्का संस्थान में एक समिति ने नाम घोषित किए।

 

पिछले साल का पुरस्कार अमेरिकी नागरिक विक्टर एम्ब्रोस और गैरी रुवकुन को सूक्ष्म ‘आरएनए' (राइबोन्यूक्लिक एसिड) की खोज के लिए संयुक्त रूप से दिया गया था। माइक्रो या सूक्ष्म आरएनए आनुवंशिक पदार्थ के सूक्ष्म कण होते हैं जो कोशिकाओं के अंदर चालू और बंद करने वाले स्विच के रूप में काम करते हैं और कोशिकाओं को क्या और कब करना है, यह नियंत्रित करने में मदद करते हैं।

 

मंगलवार को भौतिकी, बुधवार को रसायन विज्ञान और बृहस्पतिवार को साहित्य के नोबेल पुरस्कारों के विजेताओं की घोषणा की जाएगी। नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा शुक्रवार को और अर्थशास्त्र में नोबेल मेमोरियल पुरस्कार की घोषणा 13 अक्टूबर को की जाएगी। पुरस्कार समारोह 10 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा, जो इन पुरस्कारों की स्थापना करने वाले अल्फ्रेड नोबेल की पुण्यतिथि है। नोबेल एक संपन्न स्वीडिश उद्योगपति और डायनामाइट के आविष्कारक थे। उनका निधन 1896 में हुआ था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News