'फ्री बलूचिस्तान' वाले पोस्टरों पर भड़का पाक, कहा- यूके और स्विटजरलैंड को कर देंगे बर्बाद

punjabkesari.in Saturday, Nov 04, 2017 - 08:49 PM (IST)

इस्लामाबादः ब्रिटेन और स्विटजरलैंड में बलूचिस्तान की आजादी के पोस्टर लहराए जाने से भड़के एक पाकिस्तानी रक्षा विशेषज्ञ ने बैखलाहट में दोनों देशों को ही बर्बाद करने की धमकी दी है। बलोच प्रदर्शनकारियों को पोस्टर लहराने की अनुमति देने को लेकर रक्षा विशेषज्ञ जैद हामिद ने कहा कि पाकिस्तान को एेसे गैंग तैयार करने चाहिए, जो ब्रिटेन और स्विटजरलैंड को तबाह करने का काम करें।

लंदन में बकिंगम पैलेस के बाहर टैक्सियों में 'फ्री बलूचिस्तान' लिखे होने का मामला सामने आने के बाद पाकिस्तान रक्षा विशेषज्ञ ने यह टिप्पणी की है। बलूचिस्तान की आजादी के समर्थक लोगों ने इस मुद्दे की ओर वैश्विक समुदाय का ध्यान आकर्षित करने के लिए यह तरीका अपनाया है। बता दें, इसी सप्ताह लंदन में कई वाहनों में फ्री बलूचिस्तान के पोस्टर दिखे थे। 

इसके बाद पाकिस्तनी रक्षा विशेषज्ञ ने ट्वीट कर कहा, 'इसके जवाब में पाकिस्तान को चाहिए कि वह पाकिस्तान में ऐसे आतंकवादी और अलगाववादी गैंग बनाए जो पाकिस्तान में यूके और स्विटजरलैंड की बर्बादी के लिए काम करें।' इस दौरान जैद ने आरोप लगाया कि युनाइटेड किंगडम पाकिस्तान के खिलाफ सबसे बड़ा आतंकी नेटवर्क संचालित कर रहा है। हामिद ने ट्वीट किया, 'पाकिस्तान के खिलाफ यूके सबसे बड़े आतंकी नेटवर्क का संचालन कर रहा है। अल्ताफ हुसैन ब्रिटिश नागरिक हैं और जनता के हत्यारे हैं, जिन्हें यूके ने संरक्षण दे रखा है।' 

इसके बाद शुक्रवार को पाकिस्तान ने ब्रिटिश उच्चायुक्त थॉमस ड्रयू को इस मामले में समन जारी कर जवाब मांगा था। पाकिस्तान ने लंदन में 'फ्री बलूचिस्तान' के पोस्टर लहराए जाने को अपनी अखंडता और संप्रभुता पर हमला करार दिया था। इस पर एक बलूच ऐक्टिविस्ट ने कहा कि पाकिस्तान यूके में भी हमारे अधिकारों के हनन की कोशिश कर रहा है। 

बलूच ऐक्टिविस्ट भावल मेंगल ने ट्वीट कर कहा, 'इस मामले में पाकिस्तान की प्रतिक्रिया उसकी तानाशाही सोच को उजागर करती है। वह यूके में हमारे अधिकारों का हनन करने का प्रयास कर रहा है। अब आप सोच सकते हैं कि बलूचिस्तान में क्या हालात होंगे।' इससे पहले स्विटजरलैंड की राजधानी जिनीवा में भी 'फ्री बलूचिस्तान' के पोस्टर लहराए जाने का मामला सामने आया था। उस दौरान भी पाकिस्तान ने स्विटजरलैंड के राजदूत को समन जारी कर पूरे मामले पर जवाब तलब किया था। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News