ब्रिटेन, UEA में सम्पत्तियों के पाकिस्तानी मालिकों को नोटिस भेजेगा पाकिस्तान

punjabkesari.in Sunday, Aug 05, 2018 - 05:47 PM (IST)

इस्लामाबादः पाकिस्तान में कराधान और धनशोधन से जुड़े अपराधों की जांच करने वाला शीर्ष सरकारी निकाय कल से उन करीब 1500 पाकिस्तानियों को कारण बताओ नोटिस जारी करेगा जिन्होंने ब्रिटेन और दुबई में सम्पत्तियां खरीदी हैं। डान समाचार पत्र में आज प्रकाशित एक खबर में शीर्ष आयकर अधिकारियों के हवाले से कहा गया कि संघीय राजस्व बोर्ड (एफबीआर) दो चरणों में कारण बताओ नोटिस जारी करेगा।

पहले चरण में नोटिस करीब 1000 लोगों को जारी किया जाएगा जिन्होंने ब्रिटेन में सम्पत्तियां खरीदी हैं और उन्हें नियमित रूप से किराया मिल रहा है। समाचार पत्र ने एक अधिकारी के हवाले से कहा कि एफबीआर इन नोटिसों को अपने मुख्यालय से भेजेगा।

अधिकारियों के अनुसार, दूसरे चरण में और 500 लोगों को नोटिस जारी किये जाएंगे जिन्होंने दुबई में सम्पत्तियां खरीदी हैं। ये नोटिस पहला चरण पूरा होने के तुरंत बाद जारी किये जाएंगे। एक अधिकारी ने कहा कि हमें वास्तव में यह नहीं पता कि ब्रिटेन और दुबई में कितना निवेश किया गया है।एफबीआर अधिकारियों का मानना है कि नोटिस से काराधान निकाय को यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि प्राप्तकर्ताओं ने सम्पत्तियों के बारे में पाकिस्तान में घोषणा की है या नहीं।     
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Isha

Recommended News

Related News