पाकिस्तान का दिखावा ! पुलिस ने पंजाब प्रांत से 6 आतंकी किए गिरफ्तार

punjabkesari.in Sunday, Jul 10, 2022 - 01:45 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः  मनी लॉन्ड्रिंग और टेरर फाइनेंसिंग पर निगाह रखने वाली संस्था फाइनेंशियल ऐक्शन टास्क फोर्स (FATF)  की ग्रे सूची से निकलने के लिए पाकिस्तान फड़फड़ा रहा है।  FATF की फटकार के बाद पाकिस्तान ने दिखावे के तौर पर ही सही आंतवाद के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। पाकिस्तान जून 2018 से ही FATF की ग्रे लिस्ट में बरकरार है। FATF की आंखों में धूल झोंकने के लिए पाकिस्तान की पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के चार सदस्यों सहित छह आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है, जो देश में सुरक्षा कर्मियों और संवेदनशील इमारतों को निशाना बनाने की साजिश रच रहे थे।

 

पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पंजाब पुलिस के आतंकवाद रोधी विभाग (सीटीडी) ने एक बयान में कहा कि TTP के चार आतंकवादियों- वाहिद भट्टी, जमील-उर-रहमान, मोहसिन खुर्शीद और इमरान खान को पंजाब प्रांत के विभिन्न शहरों से गिरफ्तार किया गया है। वे सुरक्षा कर्मियों और संवेदनशील इमारतों को निशाना बनाने की साजिश रच रहे थे। प्रतिबंधित आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (ISIS) के काशिफ अली और शफकत हुसैन को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आतंकवादियों के पास से 1,115 ग्राम विस्फोटक, चार हथगोले, एक आईईडी बम, चार विस्फोटक और नकदी बरामद की है।

 

हाल में दो छापेमारी के दौरान CTD ने पंजाब प्रांत से TTP और ISIS के 20 आतंकवादियों को गिरफ्तार किया था। वर्तमान में सैन्य प्रशासन टीटीपी नेतृत्व के साथ ‘शांति वार्ता' कर रहा है। पाकिस्तान की सेना ने राजनीतिक नेतृत्व को आश्वस्त किया था कि जारी वार्ता में प्रतिबंधित TTP को कोई अतिरिक्त संवैधानिक रियायत नहीं दी जाएगी और आतंकवादी संगठन के साथ किया गया कोई भी समझौता संसदीय अनुमोदन के अधीन होगा। अप्रैल में गुप्त रूप से वार्ता प्रक्रिया को फिर से शुरू किया गया था, जिसके कारण TTP ने मई में ईद उल फितर के अवसर पर युद्धविराम की घोषणा की थी

 

बता दें कि FATF ने पाकिस्तान को जून 2018 में ग्रे सूची में डाला था। अक्टूबर 2018, 2019, 2020, अप्रैल 2021, अक्टूबर 2021 और मार्च 2022 में हुए रिव्यू में भी पाक को राहत नहीं मिली थी। पाकिस्तान एफएटीएफ की सिफारिशों पर काम करने में विफल रहा है। इस दौरान पाकिस्तान में आतंकी संगठनों को विदेशों से और घरेलू स्तर पर आर्थिक मदद मिली है। FATF की ब्लैक लिस्ट में ईरान और उत्तर कोरिया शामिल हैं। जिस कारण से इन दोनों देशों को बाहर से निवेश पाने और अंतरराष्ट्रीय व्यापार करने में काफी परेशानी होती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News