पाकिस्तानः नाबालिग बेटी ने की दरिंदे पिता की गोली मारकर हत्या, पिछले तीन महीने से कर रहा था दुष्कर्म
punjabkesari.in Sunday, Sep 24, 2023 - 06:18 AM (IST)

लाहौरः पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक नाबालिग लड़की ने पिछले तीन महीने से उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करने वाले उसके पिता की शनिवार को गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, यह घटना लाहौर शहर के गुज्जरपुरा इलाके से सामने आई है, जहां लड़की (14) ने पुलिस को दिए अपने बयान में कहा कि उसका पिता पिछले तीन महीने से उसके साथ दुष्कर्म कर रहा था।
मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी सोहेल काजमी ने कहा, लड़की ने बताया कि वह अपने पिता की दरिंदे से तंग आ चुकी थी। इसलिए उसने दरिंदे पिता को मारने का फैसला किया और उसकी बंदूक से गोली मारकर हत्या कर दी।
काजमी ने बताया कि गोली लगने से लड़की के पिता की मौके पर ही मौत हो गई। अधिकारी ने कहा कि सभी पहलुओं की जांच के बाद लड़की के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। बता दें, शुक्रवार को ही पाकिस्तान की एक अदालत ने एक व्यक्ति को अपनी नाबालिग बेटी से दुष्कर्म के आरोप में मौत की सजा सुनाई थी। इसके एक दिन बाद यह घटना सामने आई।