पश्चिम एशिया में शांति की उम्मीद ! इसहाक डार ने इरानी विदेश मंत्री अराघची से की सीधी चर्चा

punjabkesari.in Monday, May 04, 2026 - 07:32 PM (IST)

International Desk:  पाकिस्तान के विदेश मंत्री इसहाक डार ने अपने ईरानी समकक्ष सैयद अब्बास अराघची के साथ पश्चिम एशिया की स्थिति और क्षेत्र में शांति तथा स्थिरता के लिए इस्लामाबाद के राजनयिक प्रयासों पर चर्चा की। यहां अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। विदेश मंत्रालय के कार्यालय ने एक बयान में कहा कि डार और अराघची ने रविवार देर रात टेलीफोन पर बातचीत की। बयान में कहा गया है, ''यह चर्चा क्षेत्रीय स्थिति और क्षेत्र में शांति तथा स्थिरता के लिए पाकिस्तान के राजनयिक प्रयासों पर केंद्रित थी।'' अराघची ने पाकिस्तान की रचनात्मक भूमिका और संबंधित पक्षों के बीच मध्यस्थता के प्रयासों की सराहना की।

 

विदेश मंत्री एवं उप प्रधानमंत्री डार ने सार्थक वार्ता को बढ़ावा देने के लिए पाकिस्तान की प्रतिबद्धता की पुष्टि को दोहराया। उन्होंने कहा कि मुद्दों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए बातचीत और कूटनीति ही एकमात्र प्रभावी रास्ता है। यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा कि वह संघर्ष को समाप्त करने के उद्देश्य से ईरान के एक नए प्रस्ताव की समीक्षा कर रहे हैं, जबकि उन्होंने समझौते की संभावनाओं के बारे में संदेह व्यक्त किया है। खबरों के मुताबिक, ईरान ने अमेरिका के नौ सूत्री प्रस्ताव के जवाब में पाकिस्तान के माध्यम से 14 सूत्री प्रस्ताव भेजा है।

 

अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता में पाकिस्तान मध्यस्थता कर रहा है। अमेरिका और इजराइल ने 28 फरवरी को ईरान पर संयुक्त हमले किए थे, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच युद्ध शुरू हो गया था। हालांकि, संघर्ष आठ अप्रैल से रुका हुआ है। इस दौरान इस्लामाबाद में एक दौर की शांति वार्ता हो चुकी है। पाकिस्तान ने 11 अप्रैल को इस्लामाबाद में ईरान और अमेरिका के बीच सीधी वार्ता के पहले दौर की मेजबानी की, लेकिन दोनों पक्ष युद्ध समाप्त करने के लिए किसी समझौते पर पहुंचने में विफल रहे।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News