इसराईल की अल अक्सा मस्जिद में नमाज के बाद हिंसा, 150 से ज्यादा फिलीस्तीनी घायल
punjabkesari.in Saturday, May 08, 2021 - 05:50 PM (IST)
इंटरनेशनल डेस्कः इसराईल का राजधानी यरुशलम की अल अक्सा मस्जिद में शुक्रवार की नमाज के बाद हिंसा भड़क गई। इस दौरान नमाजियों और पुलिस के बीच जमकर झड़प हुई जिसमें में 150 से ज्यादा फिलीस्तीनी घायल हो गए। इनमें से 83 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। रमजान के महीने में यहां फिलीस्तीन और इसराईल पुलिस के बीच कई बार टकराव हो चुका है।
इस बार शुक्रवार को जुम्मे की नमाज पर अल अक्सा मस्जिद में करीब 70 हजार की भीड़ थी। नमाज के बाद अचानक हिंसा शुरू हो गई जिसके कारणों का अभी पता नहीं चला है। फिलीस्तीनियों की रेड क्रिसेंट इमरजेंसी सर्विस के अनुसार पुलिस ने भीड़ पर सीधे रबर बुलेट चलाई, इससे ज्यादातर नमाजियों के चेहरे और आंखों में चोट आई है। हिंसा में छह पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। इससे पहले के शुक्रवार को भी पुलिस के साथ संघर्ष में दो फिलीस्तीनियों की मौत हो गई थी। रमजान के पूरे महीने में पूर्वी यरुशलम में तनाव बना रहा है।
इस स्थान पर इसराईल और फिलीस्तीन दोनों ही अपना दावा करते हैं। यह तनाव और भी ज्यादा बढ़ गया, जब इसराईल पुलिस ने कुछ पवित्र स्थानों पर प्रवेश पर रोक लगा दी, जहां पूरे दिन रोजा रखने के बाद ज्यादातर मुस्लिम इकट्ठा होते थे। अमेरिका ने इन संघर्षों पर चिंता व्यक्त की है और कहा है कि दोनों ही पक्षों को तनाव कम करने के लिए प्रयास करना चाहिए।
सबसे ज्यादा पढ़े गए
Related News
यमन में हूतियों का खूनी खेल: सैन्य शिविर पर बरसाई मौत, अब तक 73 रंगरूटों की मौत व 200 से ज्यादा घायल
फ्रांस में हिंसा और आगजनी के बीच कई शहरों में कर्फ्यू, भारत ने अपने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी
