सच हो रही नास्त्रेदमस की भविष्यवाणी ! ट्रंप-जेलेंस्की घमासान से तीसरे विश्वयुद्ध की आहट बढ़ी
punjabkesari.in Sunday, Mar 02, 2025 - 05:16 PM (IST)

International Desk: शुक्रवार को दुनिया उस वक्त चौंक गई जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के बीच तीखी बहस की खबरें सामने आईं। वायरल वीडियो में दोनों नेताओं के बीच तनाव साफ नजर आ रहा था, जिससे ऐसा लगा मानो कभी भी स्थिति हाथापाई तक पहुंच सकती है। लेकिन क्या यह टकराव पहले से तय था? दरअसल, यह पूरा विवाद यूक्रेन में पाए जाने वाले दुर्लभ खनिजों (Rare Minerals) को लेकर है। बाइडेन प्रशासन के दौरान अमेरिका ने यूक्रेन को खुलकर सैन्य और आर्थिक सहायता दी थी। लेकिन ट्रंप के राष्ट्रपति बनते ही अमेरिका अब यूक्रेन से इस मदद के बदले एक बड़ी डील चाहता है। ट्रंप प्रशासन की मांग है कि यूक्रेन अपने दुर्लभ खनिज संसाधनों पर अमेरिका को विशेष अधिकार दे। वहीं, जेलेंस्की इसके बदले अमेरिका से अपनी सुरक्षा की गारंटी चाहता है। यही मुद्दा दोनों नेताओं के बीच तनाव का कारण बना।
नास्त्रेदमस ने क्या की थी भविष्यवाणी ?
फ्रांस के प्रसिद्ध भविष्यवक्ता नास्त्रेदमस ने 2025 में वैश्विक उथल-पुथल की भविष्यवाणी अपनी किताब लेस प्रोफेटीज में की थी। उन्होंने लिखा था कि आने वाले समय में "क्रूर युद्ध" होंगे और "महान शक्तियां" टकराएंगी। मौजूदा भू-राजनीतिक घटनाक्रम देखें तो रूस-यूक्रेन युद्ध, दक्षिण चीन सागर में तनाव और मध्य पूर्व में अस्थिरता उनकी भविष्यवाणी को सही साबित कर रहे हैं। इसके अलावा, नास्त्रेदमस ने पश्चिमी प्रभाव में कमी और नई विश्व शक्तियों के उदय की भी भविष्यवाणी की थी, जो चीन और भारत की बढ़ती आर्थिक और रणनीतिक ताकत को दर्शाता है। ऐसे में सवाल उठता है क्या ट्रंप-जेलेंस्की का टकराव तीसरे विश्व युद्ध की भूमिका तैयार कर रहा है?
दुनिया के लिए खतरे की घंटी
इस घटना के बाद वैश्विक स्तर पर प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं। अमेरिका-यूक्रेन के रिश्तों में बढ़ती दरार से पूरे यूरोप में चिंता बढ़ गई है। ट्रंप पहले ही जेलेंस्की को चेतावनी दे चुके हैं कि यूक्रेन का रवैया उसे "तीसरे विश्व युद्ध" की ओर धकेल सकता है। अगर तनाव और बढ़ता है, तो इसका असर पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था और सुरक्षा पर पड़ेगा।
कौन थे नास्त्रेदमस ?
नास्त्रेदमस का जन्म 14 दिसंबर 1503 को फ्रांस में हुआ था। उन्होंने लगभग 3,000 भविष्यवाणियां की थीं, जिनमें से पिछले 50 वर्षों में करीब 800 सच साबित हुई हैं। 1566 में 63 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया, लेकिन उनकी भविष्यवाणियां आज भी दुनिया में चर्चा का विषय बनी हुई हैं।