नेपाल में बड़ा एक्शनः ओली सरकार के दिग्गजों पर कसा शिकंजा, पूर्व ऊर्जा मंत्री दीपक खड़का गिरफ्तार
punjabkesari.in Sunday, Mar 29, 2026 - 02:49 PM (IST)
International Desk: नेपाल (Nepal) में पूर्व ऊर्जा मंत्री Deepak Khadka को मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उन्हें काठमांडू के महाराजगंज इलाके से हिरासत में लिया। नेपाल पुलिस के Central Investigation Bureau के अनुसार, यह कार्रवाई पिछले साल सितंबर में हुए Gen Z आंदोलन के दौरान सामने आए एक बड़े कैश मामले से जुड़ी है। उस समय खड़का के घर में आग लगने के बाद भारी मात्रा में नकदी मिलने की बात सामने आई थी।
इससे पहले KP Sharma Oli और पूर्व गृह मंत्री Ramesh Lekhak को भी आंदोलन को दबाने से जुड़े मामलों में गिरफ्तार किया जा चुका है। खड़का इस मामले में गिरफ्तार होने वाले तीसरे बड़े नेता हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आंदोलन के दौरान 77 लोगों की मौत हुई थी और भारी संपत्ति का नुकसान हुआ था। जांच आयोग ने कई नेताओं पर आपराधिक लापरवाही के तहत केस चलाने की सिफारिश की है।
खड़का पर अपने कार्यकाल के दौरान हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट्स में लाइसेंस और ठेके देने में भ्रष्टाचार के भी आरोप लगे हैं। उन पर पैसे लेकर फैसले करने और जमीन घोटाले में शामिल होने के आरोप भी हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और अन्य नेताओं पर भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
