नाइजीरियाई तट से अगवा 19 भारतीयों को छुड़ाया गया, एक की मौत

punjabkesari.in Sunday, Jan 19, 2020 - 07:20 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः समुद्री डाकुओं द्वारा अफ्रीकी देश नाइजीरिया के पश्चिमी तट से पिछले महीने एक कॉमर्शियल जहाज से अगवा किए गए 19 भारतीयों को रिहा करा लिया गया है। हालांकि, अगवा किए गए भारतीयों में से एक की कैद में ही मौत हो गई है। अबुजा स्थित भारतीय उच्चायोग ने बताया कि उसने भारतीयों की रिहाई के लिए नाइजीरियाई अधिकारियों के साथ साथ पड़ोसी देशों के अधिकारियों से भी मदद मांगी थी। मालूम हो कि अफ्रीका के पश्चिमी तट के पास जहाज MT Duke से 15 दिसंबर को चालक दल के 20 भारतीय सदस्यों को अगवा कर लिया गया था। अबुजा स्थित भारतीय उच्चायोग ने ट्वीट कर बताया कि 19 भारतीय नागरिकों को शनिवार को रिहा कर दिया गया जबकि डाकुओं की कैद में एक भारतीय की मौत हो गई। भारत ने अगवा किए गए भारतीयों की रिहाई में सहयोग के लिए नाइजीरियाई अधिकारियों धन्‍यवाद दिया है।

 

 

भारतीय उच्चायोग ने ट्वीट कर कहा, भारत सरकार ने MT Duke से 15 दिसंबर को अगवा किए गए 20 भारतीय नाविकों की रिहाई को गंभीरता से लिया और नाइजीरिया की सरकार के साथ मिल कर उन्‍हें छुड़ाने की कोशिशें की। लेकिन प्रतिकूल परिस्थितियों में एक भारतीय की मौत हो गई जो दुखद है। दूतावास भारतीयों की वापसी में मदद कर रहा है। इससे पहले नाइजीरिया में साल 2016 में दो भारतीय मैंगापुडी श्रीनिवास और कौशल अनीस शर्मा को स्‍थानीय अपराधियों ने अगवा कर लिया था जिन्‍हें बाद में छुड़ा लिया गया था। इन दोनों भारतीयों की रिहाई में तत्‍कालीन विदेश मंत्री सुषमा स्‍वराज ने अहम भूमिका निभाई थी। रिपोर्टों के मुताबिक, दोनों कार में सवार होकर अपनी कंपनी के प्लांट की ओर जा रहे थे, एक ट्रैफिक सिग्नल पर हथियारबंद लोगों ने उनका अपहरण कर लिया था। श्रीनिवास और कौशल बेन्यू सीमेंट कंपनी में काम करने के लिए नाइजीरिया गए थे। 

 

 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Ashish panwar

Recommended News

Related News