सऊदी की भीषण गर्मी में हज यात्रा के लिए मक्का पहुंचे 15 लाख से अधिक विदेशी जायरीन

punjabkesari.in Wednesday, Jun 12, 2024 - 02:27 PM (IST)

दुबईः इस सप्ताह के आखिर में शुरू हो रही हज यात्रा से पहले हज जायरीन बड़ी संख्या में सऊदी अरब के मक्का पहुंचे हैं। सऊदी अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार तक 15 लाख से अधिक विदेशी हज जायरीन देश में पहुंच चुके हैं, जिनमें से अधिकतर दुनिया भर के अलग-अलग देशों से हवाई मार्ग से यहां पहुंचे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, शुक्रवार को आधिकारिक तौर पर शुरू हो रहे हज के लिए और भी लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।

PunjabKesari

इसके अलावा, सऊदी अरब में रहने वाले हजारों मुसलमान और अन्य लोग भी हज में शामिल होंगे। सऊदी अधिकारियों ने बताया कि उन्हें उम्मीद है कि इस साल हज यात्रा में शामिल होने वाले लोगों की संख्या 2023 से ज्यादा होगी। उन्होंने बताया कि 2023 में 18 लाख से ज्यादा लोगों ने हज किया था जबकि कोविड वैश्विक महामारी से पहले, 2019 में 24 लाख से ज्यादा मुसलमानों ने हज किया था। फलस्तीनी मंत्रालय के अनुसार, इस महीने की शुरुआत में मक्का पहुंचने वाले हज जायरीनों में 4,200 फलस्तीनी लोग भी शामिल हैं।

PunjabKesari

मक्का की विशाल मस्जिद में मंगलवार को हज जायरीनों की भारी भीड़ दिखाई और उन्होंने काबा के चारों ओर सात बार घूमकर एक अनुष्ठान पूरा किया। मक्का मस्जिद को इस्लाम का सबसे पवित्र स्थल माना जाता है। मंगलवार को तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, और कई लोग धूप से बचने के लिए छाता लिये हुए दिखाई दिये। हज के लिए मक्का पहुंची मोरक्को की एक महिला रबिया अल-राघी ने कहा, ''जब मैं अल-मस्जिद अल-हरम पहुंची और काबा को देखा तो मुझे राहत मिली। मैं बहुत खुश हूं।'' महिला अपने पति और बेटी के साथ यहां पहुंची हैं। 

PunjabKesari


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News