मिडिल ईस्ट तनाव का असर : ब्रिटिश एयरवेज ने कई देशों की उड़ानें रद्द कीं, अबू धाबी की फ्लाइट साल के अंत तक बंद
punjabkesari.in Wednesday, Mar 11, 2026 - 12:10 AM (IST)
इंटरनेशनल डेस्कः पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और हवाई क्षेत्र में अस्थिरता के कारण ब्रिटिश एयरवेज ने मिडिल ईस्ट के कई शहरों के लिए अपनी उड़ानें अस्थायी रूप से रद्द कर दी हैं। एयरलाइन ने कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए उसने इस क्षेत्र में अपनी उड़ानों का शेड्यूल कम कर दिया है।
An update for our customers - 10 March.
— British Airways (@British_Airways) March 10, 2026
Be alert to potential scams and only rely on official British Airways channels for updates – never click suspicious links or share personal or payment details. pic.twitter.com/N0ec4GqFnk
एयरलाइन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए कहा कि क्षेत्र में स्थिति अभी भी अनिश्चित बनी हुई है, इसलिए सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
कई प्रमुख शहरों की उड़ानें इस महीने तक रद्द
ब्रिटिश एयरवेज ने बताया कि उसने फिलहाल कई शहरों के लिए अपनी सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं। इनमें अम्मान, बहरीन, दोहा, दुबई और तेल अवीव शामिल हैं। एयरलाइन ने कहा कि इन सभी रूट्स पर उड़ानें इस महीने के अंत तक रद्द रहेंगी। वहीं Abu Dhabi के लिए आने-जाने वाली उड़ानों को इस साल के अंत तक अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
स्थिति पर लगातार नजर रख रही एयरलाइन
ब्रिटिश एयरवेज के अनुसार कंपनी क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। साथ ही जिन यात्रियों की फ्लाइट प्रभावित हुई है, उनसे संपर्क करके उन्हें रिफंड, रीबुकिंग या अन्य यात्रा विकल्प उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
ओमान से लंदन के लिए विशेष उड़ानें
एयरलाइन ने यह भी बताया कि मस्कट से लंदन हीथ्रो हवाई अड्डे के लिए 11 और 12 मार्च को कुछ विशेष रिपैट्रिएशन फ्लाइट्स चलाई जा रही हैं। इन उड़ानों में केवल उन यात्रियों को सीट दी जाएगी जिनकी पहले से बुकिंग है। ब्रिटेन सरकार के विदेश मंत्रालय की सलाह के अनुसार जो यात्री सुरक्षित रूप से खुद मस्कट पहुंच सकते हैं, वे एयरलाइन से संपर्क कर इन विशेष उड़ानों में सीट बुक कर सकते हैं।
UAE में फंसे यात्रियों से संपर्क
ब्रिटिश एयरवेज ने बताया कि वह उन यात्रियों से लगातार संपर्क में है जो अभी भी United Arab Emirates में फंसे हुए हैं। एयरलाइन ने उनसे अनुरोध किया है कि अगर उन्होंने वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था कर ली है तो कंपनी को इसकी जानकारी दें, ताकि बाकी यात्रियों की मदद की जा सके।
यात्रियों को ठगी से सावधान रहने की सलाह
एयरलाइन ने यात्रियों को ऑनलाइन ठगी से सावधान रहने की भी चेतावनी दी है। ब्रिटिश एयरवेज ने कहा कि यात्री केवल कंपनी के आधिकारिक चैनलों पर भरोसा करें और किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें या अपनी निजी और भुगतान से जुड़ी जानकारी साझा न करें।
अमेरिका-इजरायल हमले के बाद बढ़ा तनाव
मिडिल ईस्ट में हालात उस समय और बिगड़ गए जब अमेरिका और इजराइल ने इरान के ठिकानों पर संयुक्त सैन्य हमला किया। इस हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई समेत कई वरिष्ठ नेताओं की मौत की खबर सामने आई। इसके बाद तेहरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए कई अरब देशों में ड्रोन और मिसाइल हमले शुरू कर दिए।
क्षेत्र में उड़ानों पर बढ़ा खतरा
लगातार बढ़ते हमलों और अस्थिर हवाई क्षेत्र के कारण मिडिल ईस्ट के कई देशों में उड़ानों का संचालन प्रभावित हो रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर क्षेत्र में तनाव लंबे समय तक जारी रहा तो अंतरराष्ट्रीय उड़ानों और वैश्विक यात्रा उद्योग पर इसका असर और बढ़ सकता है
