इस्लामाबाद के अस्पताल में दर्दनाक हादसा: AC का कंप्रेसर फटने से लगी आग, 15 नवजात शिशुओं की मौ/त
punjabkesari.in Wednesday, Aug 26, 2026 - 11:10 AM (IST)
इस्लामाबाद : पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद से एक बेहद दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां के प्रसिद्ध पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) अस्पताल के गायनेकोलॉजी वार्ड में भीषण आग लगने से कम से कम 15 नवजात शिशुओं की दर्दनाक मौत हो गई। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि इस्लामाबाद के पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) के गायनेकोलॉजी वार्ड में आग लगने से कम से कम 15 नवजात शिशुओं की मौत हो गई।
पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के अधिकारियों के अनुसार आग लगने के समय नर्सरी में 16 नवजात शिशु थे। इन 16 शिशुओं में से केवल एक को ही प्रभावित इलाके से समय रहते बचाया जा सका जबकि बाकी बच्चों की आग में जलकर मौत हो गई। प्रमुख पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार बचाव दल के सूत्रों ने बताया कि सुबह करीब 6:45 बजे नर्सरी के अंदर एयर-कंडीशनर कंप्रेसर में विस्फोट के बाद आग लगी। बचाव अधिकारियों ने बताया कि फायर फाइटिंग टीमों के अस्पताल पहुंचने और ऑपरेशन शुरू करने के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग बुझाने के बाद भी टीमें घटनास्थल पर कूलिंग ऑपरेशन करती रहीं ताकि आग के दोबारा भड़कने की कोई संभावना न रहे।
14 newborns dead after PIMS nursery caught fire due to faulty AC
— Nazzia Momina (@NazziaMo) August 26, 2026
📍PIMS Hospital, Islamabad
🏃🏾♀️🇵🇰 pic.twitter.com/1kCD4Y6Svs
जिला प्रशासन के अनुसार मदर एंड चाइल्ड हेल्थ (MCH) वार्ड की तीसरी मंजिल पर लगी आग में 14 बच्चे पूरी तरह जल गए। प्रशासन ने कहा कि घटना की जानकारी मिलने के तुरंत बाद बचाव कर्मियों ने कार्रवाई की।
जिला प्रशासन ने बताया कि आपातकालीन कार्रवाई के तहत फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां और चार एम्बुलेंस तैनात की गईं। इस घटना ने अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था, खासकर नवजात शिशुओं वाले वार्ड में सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जिला प्रशासन ने आग लगने की परिस्थितियों की जांच के लिए अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर की अध्यक्षता में एक जांच समिति का गठन किया है। अधिकारियों ने कहा कि जांच से उन परिस्थितियों का पता चलेगा जिनके कारण नवजात शिशुओं की मौत हुई और आपातकालीन स्थिति में की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की जाएगी। घटना और जांच समिति के निष्कर्षों के बारे में और जानकारी का इंतजार है।
