चीन में बहुमंजिला इमारत में भीषण आग, 14 लोगों की मौत; 60 को सुरक्षित निकाला गया
punjabkesari.in Monday, Nov 09, 2026 - 09:35 PM (IST)
नेशनल डेस्क : चीन के उत्तरी शांक्सी प्रांत की राजधानी ताइयुआन में एक बहुमंजिला इमारत में आग लग जाने से 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 60 अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। स्थानीय अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने बताया कि रविवार शाम चार बजकर 59 मिनट पर इमारत में आग लगी।
सरकारी समाचार पत्र 'ग्लोबल टाइम्स' की खबर के अनुसार, आग को दोबारा भड़कने से रोकने के लिए दमकलकर्मियों ने शहर के यिंग्जे जिले में इमारत की ऊपरी मंजिलों के पास आग से प्रभावित हिस्से पर पानी डालने के लिए ऊंचाई पर आग बुझाने वाले उपकरणों का इस्तेमाल किया। इस दौरान इमारत की कुछ मंजिलों से धुआं लगातार उठता रहा। स्थानीय लोगों के अनुसार, इमारत में कई प्रशिक्षण संस्थान हैं और इसके पास ही एक होटल स्थित है।
