रफाह सीमा क्रॉसिंग फिर खुली, गाजा संकट में राहत की उम्मीद
punjabkesari.in Monday, Feb 02, 2026 - 07:27 PM (IST)
International Desk: मिस्र और इजराइल के सुरक्षा अधिकारियों ने कहा कि गाजा की मिस्र से सटी रफाह सीमा क्रॉसिंग सीमित आवाजाही के लिए फिर से खोल दी गई है, जो हमास के साथ संघर्षविराम के आगे बढ़ने की दिशा में एक अहम कदम है। मिस्र के एक अधिकारी ने बताया कि क्रॉसिंग को खोले जाने के पहले दिन 50 फलस्तीनी आ-जा सकेंगे, लेकिन इसके खुलने के पहले घंटे में किसी को भी वहां से गुजरते नहीं देखा गया।
मिस्र के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, चिकित्सा देखभाल की आवश्यकता वाले लगभग 20,000 फलस्तीनी बच्चे और वयस्क इस सीमा मार्ग से तबाह गाजा से बाहर निकलने की उम्मीद कर रहे हैं। क्षेत्र से बाहर रहने वाले हजारों अन्य फलस्तीनी भी इस सीमा मार्ग से प्रवेश करने और अपने घर लौटने की उम्मीद कर रहे हैं। मिस्र के सरकारी मीडिया और एक इजराइली सुरक्षा अधिकारी ने भी सीमा क्रॉसिंग दोबारा खुलने की पुष्टि की।
अधिकारियों ने नाम गोपनीय रखने की शर्त पर 'एसोसिएटेड प्रेस' को यह जानकारी दी। युद्ध से पहले, रफाह गाजा में आने-जाने वाले लोगों के लिए मुख्य मार्ग था। इस क्षेत्र के कुछ अन्य मार्ग भी हैं जो इजराइल के साथ जुड़ते हैं। अक्टूबर में लागू हुए युद्धविराम समझौते के तहत, इज़राइल की सेना रफाह मार्ग और उस क्षेत्र के बीच के इलाके को नियंत्रित करती है जहां अधिकतर फलस्तीनी रहते हैं।
