Joe Biden Health Update: इस गंभीर बीमारी से ग्रस्त हैं जो बाइडेन, बेटे हंटर ने बयां किया दर्द

punjabkesari.in Sunday, Aug 09, 2026 - 09:24 AM (IST)

वाशिंगटन : अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन की सेहत को लेकर एक बड़ा और चिंताजनक अपडेट सामने आया है। उनके बेटे हंटर बाइडेन ने खुलासा किया है कि उनके पिता का कैंसर अब उनकी हड्डियों में गंभीर रूप से फैल चुका है। अत्यधिक और असहनीय दर्द के कारण 83 वर्षीय जो बाइडेन अब शारीरिक रूप से बहुत कमजोर हो गए हैं जिसके चलते उन्होंने सार्वजनिक कार्यक्रमों में आना-जाना लगभग बंद कर दिया है।

बता दें कि हंटर बाइडेन के खुलासे के बाद पूर्व राष्ट्रपति के प्रवक्ता ने सीधे तौर पर टिप्पणी करने से इनकार किया लेकिन उनकी मेडिकल स्थिति के बारे में जानकारी साझा की। प्रवक्ता के अनुसार 83 वर्षीय जो बाइडेन को प्रोस्टेट कैंसर (Prostate Cancer) है जिसका पता मई 2025 में चला था।

डॉक्टरों ने बताया था कि जब इस बीमारी का पता चला तब तक यह उनकी हड्डियों तक फैल चुकी थी। वर्तमान में पूर्व राष्ट्रपति डॉक्टरों की सख्त देख-रेख में हैं और उनकी रेडियोएक्टिव एवं हार्मोन थेरेपी के साथ-साथ दवाइयां चल रही हैं। वहीं डॉक्टर लगातार उनके स्वास्थ्य से जुड़े टेस्ट कर रहे हैं और रिपोर्ट की जानकारी परिवार के साथ साझा की जा रही है।

आपको बता दें कि साल 2009 से 2017 तक बराक ओबामा के कार्यकाल में उपराष्ट्रपति रहने के बाद बाइडेन ने 2020 का चुनाव जीता और अमेरिका के सबसे उम्रदराज राष्ट्रपति बने। 2021 से 2025 के बीच स्वास्थ्य समस्याओं और जांच के दौर से गुजरने के बावजूद उन्होंने अपना राष्ट्रपति पद का कार्यकाल पूरा किया। बीमारी के बावजूद वे कार्यक्रमों में शामिल होते रहे। हाल ही में जून 2026 में उन्हें शिकागो में बराक ओबामा प्रेसिडेंशियल लाइब्रेरी के उद्घाटन समारोह में देखा गया था।

जो बाइडेन के राष्ट्रपति काल पर आधारित उनकी आत्मकथा (Biography) का प्रकाशन नवंबर 2026 में प्रस्तावित है। हालांकि, तेजी से गिरते स्वास्थ्य और बढ़ती शारीरिक कमजोरी को देखते हुए उनका परिवार और शुभचिंतक उन्हें यह सलाह दे रहे हैं कि वे अपनी बायोग्राफी को निर्धारित समय से पहले ही लॉन्च कर दें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News