जापान का चंद्र मिशन असफल, निजी लैंडर चंद्रमा पर दुर्घटनाग्रस्त
punjabkesari.in Friday, Jun 06, 2025 - 12:26 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क. जापान की एक निजी अंतरिक्ष कंपनी iSpace का चंद्रमा पर उतरने का प्रयास एक बार फिर विफल हो गया है। शुक्रवार को कंपनी का लैंडर जब चंद्रमा की सतह पर उतरने ही वाला था। तभी उससे संपर्क टूट गया। इस घटना के बाद कई घंटों तक संपर्क स्थापित करने की कोशिश की गई, लेकिन कोई संदेश नहीं मिला। अंततः कंपनी ने मिशन को विफल घोषित कर दिया।
लैंडिंग से पहले टूटा संपर्क
iSpace का यह लैंडर चंद्रमा पर उतरने से महज दो मिनट पहले तक सही काम कर रहा था। पृथ्वी पर मौजूद नियंत्रण कक्ष में सब कुछ सामान्य लग रहा था। लेकिन जैसे ही लैंडिंग का समय आया, लैंडर से सिग्नल आना बंद हो गया। इसके साथ ही लैंडर में एक छोटा रोवर भी भेजा गया था, जो चंद्रमा की सतह से नमूने इकट्ठा करने वाला था।
iSpace CEO ने जताया अफसोस
कंपनी के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी ताकेशी हाकामादा ने इस नाकामी पर दुख जताते हुए मिशन में शामिल सभी लोगों से माफी मांगी। उन्होंने कहा- यह दूसरी बार है जब हम चंद्रमा की सतह पर उतरने में असफल रहे हैं। अब हमें इस मामले को और गंभीरता से लेना होगा।
पहला मिशन भी हुआ था असफल
iSpace का यह दूसरा चंद्र मिशन था। इससे पहले करीब दो साल पहले कंपनी ने अपना पहला चंद्र मिशन भेजा था, जो सफल नहीं हो सका। उसी असफलता के बाद कंपनी ने अपने नए लैंडर का नाम ‘रेसिलिएंस’ रखा था, जिसका मतलब होता संकट में भी डटे रहना है।
रेसिलिएंस लैंडर के साथ कुछ खास चीजें भी भेजी गई थीं...
एक छोटा रोवर जो चंद्रमा की धूल इकट्ठा करने के लिए फावड़े से लैस था।
एक लाल रंग का खिलौनाघर, जिसे एक स्वीडिश कलाकार ने डिजाइन किया था और जिसे चंद्रमा की सतह पर रखने की योजना थी।
वजह जानने की कोशिश जारी
iSpace के अधिकारियों का कहना है कि यह कहना अभी जल्दबाजी होगी कि दोनों मिशन एक ही वजह से फेल हुए हैं या नहीं। फिलहाल टीम जांच कर रही है कि लैंडर के साथ आखिरी समय में क्या गड़बड़ी हुई।