परमाणु समझौते को लेकर आश्वस्त ईरान

Saturday, May 26, 2018 - 12:45 PM (IST)

तेहरानः ईरान के विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आस्ट्रिया की राजधानी वियना में शुक्रवार को हुई बैठक के बाद ऐतिहासिक ईरान परमाणु समझौते के बने रहने की उम्मीद जताई है। ईरान के उपविदेश मंत्री अब्बास अरागची ने कहा कि वह शुक्रवार को समझौते से जुड़े पांच अन्य पक्षों के साथ वार्ता के बाद इस समझौते को बनाए रखने को लेकर अधिक आश्वस्त हो गए हैं। अरागची ने कहा, "बैठक में सभी सदस्य देशों ने इस समझौते को बनाए रखने की इच्छा जताई।" उन्होंने कहा कि अमरीका के इस समझौते से हाथ खींचने पर सभी सदस्य देशों को खेद भी है।

बता दें कि ईरान, जर्मनी और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के पांच स्थाई सदस्यों - ब्रिटेन, चीन, फ्रांस, रूस और अमरीका के बीच जुलाई 2015 में जेसीपीओए समझौता हुआ था। इस समझौते के तहत ईरान आर्थिक मदद और खुद पर लगे अंतर्राष्ट्रीय प्रतिबंधों को हटाने की एवज में अपने परमाणु हथियार कार्यक्रमों को रोकने पर सहमत हुआ था। अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अक्तूबर 2017 में इस समझौते को रद्द करने का आह्वान किया था और ईरान पर समझौते का कई बार उल्लंघन करने का आरोप लगाया था। हालांकि ईरान ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया था। ईरान ने साफ किया है कि वह समझौते में कोई परिवर्तन स्वीकार नहीं करेगा।

Tanuja

Advertising