ईरान ने परमाणु संधि से पहले वाली स्थिति में लौट जाने की दी धमकी

Monday, Jul 15, 2019 - 08:37 PM (IST)

इंटरनेशलन डेस्कः ईरान की परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने सोमवार को कहा कि वह अपने परमाणु कार्यक्रम को उस स्थिति तक ले जा सकता है, जहां वह विश्व शक्तियों के साथ 2015 में हुए ऐतिहासिक समझौते से पहले था। सरकारी संवाद समिति इरना के अनुसार एजेंसी के प्रवक्ता बहरूज कमलवंडी ने कहा, ‘‘अगर यूरोपवासी और अमेरिकी अपने कर्तव्यों को नहीं निभाना चाहते हैं तो हम अपनी प्रतिबद्धताओं में कटौती करेंगे और चार साल पहले की स्थिति में ले जाएंगे।''

साल 2015 में ईरान ने अमेरिका सहित ब्रिटेन, फ्रांस, चीन, रूस और जर्मनी के साथ परमाणु समझौता किया था। दरअसल ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर पश्चिमी देश हमेशा सवाल खड़े करते रहे हैं, जबकि ईरान अपने इस कार्यक्रम को हमेशा शांतिपूर्ण बताता रहा है। इस समझौते के तहत तय हुआ था कि ईरान अपनी संवेदनशील परमाणु गतिविधियों को सीमित करेगा और बदले में समझौते में शामिल अन्य देश उसके ऊपर लगे आर्थिक प्रतिबंध को हटा लेंगे।

ट्रंप के सत्ता में आने के बाद से ही ओबामा के समय हुआ यह समझौता उनकी आंखों में खटकता रहा। कुछ दिन पहले उन्होंने मनमाने तरीके से अमेरिकी हितों की दुहाई देते हुए इस समझौते से पल्ला झाड़ लिया। दोनों देशों के बीच बढ़ती खटास को और हवा देते हुए अब ईरान ने भी इस समझौते को तोड़ दिया है। इसके बाद ईरान अपने यूरेनियम संवर्धन की सीमा को बढ़ाते हुए परमाणु कार्यक्रम को गति देने में जुट गया है।

 

Yaspal

Advertising