Russia-Ukraine war: खौफ के बीच इस महिला ने बजाया दिल को भावुक कर देने वाला पियानो, 30 लाख बार देखा गया ये इमोशनल वीडियो

Monday, Mar 07, 2022 - 01:29 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क: रूस ने यू्क्रेनी नागरिकों की निकासी के लिए सोमवार सुबह से संघर्ष-विराम के साथ कई क्षेत्रों में मानवीय गलियारों को खोलने की घोषणा की है। उत्तर, दक्षिण और मध्य यूक्रेन के शहरों में रूस की लगातार जारी गोलीबारी के बीच हजारों यूक्रेनी नागरिक वहां से सुरक्षित निकलने की कोशिश में जुटे हैं। यूक्रेनी अधिकारियों ने कीव के उपनगरों में विनाशकारी मंजर के बीच नागरिकों को निकालने की कोशिशें नाकाम होने की जानकारी दी है। इसी बीच लविवि रेलवे स्टेशन पर पियानो बजाती एक महिला का वीडियो खूब वायरल हो रहा है। बैकग्राउंड में चिंतित और बदहवास लोगों की चहलकदमी इस वीडियो को बेहद इमोशनल बना रही है। 


इस वीडियो में एक महिला यूक्रेन के लविवि रेलवे स्टेशन के बाहर पियानो की धुन पर सिंगर लुई आर्मस्ट्रांग का गाना ‘व्हाट ए वंडरफुल वर्ल्ड’ बजाते हुए दिखाई दे रही है। महिला के पीछे युद्ध से बचने के लिए शरण लिए हुए चिंतित और बदहवास लोगों को देख सकते हैं। यह नजारा और पियानो की धुन लोगों को बेहद इमोशनल कर रही है। महज 41 सेकंड के इस वीडियो को अब तक 30 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं।  अब तक इस वीडियो पोस्ट को 1 लाख से ज्यादा लोग लाइक कर चुके हैं, जबकि 27 हजार से ज्यादा लोगों ने इसे रिट्वीट किया है। सोशल मीडिया पर ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। 

आपको बतां दे कि दोनों पक्षों के अधिकारियों ने सोमवार को तीसरे दौर की वार्ता करने की भी योजना बनाई है। एक रूसी कार्यबल ने बताया कि संघर्ष-विराम सैन्य अभियान की शुरुआत के 12वें दिन यानी सोमवार सुबह से अमल में आ जाएगा। कार्यबल की ओर से जारी बयान के मुताबिक, यह संघर्ष-विराम राजधानी कीव, दक्षिणी बंदरगाह शहर मारियुपोल, यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव और सूमी से नागरिकों की निकासी के लिए घोषित किया गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि संघर्ष-विराम कब तक लागू रहेगा और इसके तहत कार्यबल के बयान में उल्लिखित क्षेत्रों से आगे के इलाकों में भी लड़ाई रुकेगी या नहीं। संघर्ष-विराम की यह घोषणा मारियुपोल से नागरिकों को निकालने की दो नाकाम कोशिशों के बीच हुई है। रेड क्रॉस की अंतरराष्ट्रीय समिति ने अनुमान लगाया है कि शहर से लगभग दो लाख लोग सुरक्षित स्थानों पर भागने की कोशिश में जुटे हैं।

 

Anil dev

Advertising