24 घंटे में दान के लिए स्टेशनरी इकट्ठा कर भारतीय ने बनाया विश्व रिकॉर्ड

punjabkesari.in Thursday, Nov 17, 2016 - 03:17 PM (IST)

दुबई:दुबई में रहने वाले भारतीय मूल के सामाजिक कार्यकर्ता वेंकटरमन कृष्णमूर्ति ने 24 घंटे के अंदर चैरिटी के लिए स्टेशनरी का सबसे ज्यादा सामान इकट्ठा कर विश्व रिकॉर्ड बना डाला।उनका नाम गिनेज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है। 


बता दें कि तमिलनाडु के तिरुनेलवेली में जन्मे कृष्णमूर्ति पेशे से चार्टर्ड एकाउन्टेन्ट हैं। वो एजुकेशन4ऑल नाम से एनजीओ चलाते हैं। कृष्णमूर्ति ने स्टेशनरी का यह सामान शरणार्थी बच्चों की मदद के लिए इकट्ठा किया।करीब एक लाख से ज़्यादा शरणार्थी बच्चों की मदद करने के उद्देश्य से की गई ये कोशिश काफी सफल रही ।स्कूलों, कॉरपोरेटों और व्यक्तिगत दानदाताओं ने 10,975 किलोग्राम स्टेशनरी का सामान वेंकटरमन कृष्णमूर्ति को भेजा।


इस सामान में 50,000 कॉपियों, तीन लाख पेन्सिलों तथा 2,000 स्कूल बैगों के अलावा रंगीन पेन्सिलें, शार्पनर, कैंचियां आदि भी शामिल थे।इस सामान को शरणार्थी बच्चों तक पहुंचाने का जिम्मेदारी एमिरेट्स रेड क्रीसेन्ट ऑर्गेनाइजेशन पूरा करेगी। कृष्णमूर्ति का कहना है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य दुनियाभर के शरणार्थी बच्चों के चेहरे पर हंसी लाना है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News