बच्ची अरिहा की वापसी को लेकर भारत ने दिखाई सख्ती, जर्मनी के राजदूत तलब, जानें क्या है मामला?

punjabkesari.in Friday, Aug 11, 2023 - 10:55 PM (IST)

नेशनल डेस्कः भारत ने शुक्रवार को एक बार फिर जर्मनी से भारतीय बच्ची अरिहा शाह की शीघ्र वापसी सुनिश्चित करने का आह्वान किया, जो 20 महीने से अधिक समय से बर्लिन के देखभाल केंद्र में रह रही है। सात महीने की अरिहा को एक दुर्घटना में चोट लगने पर 23 सितंबर, 2021 को जर्मनी के युवा कल्याण कार्यालय (जुगेंडमट) की अभिरक्षा में सौंप दिया गया था। वह तब से बर्लिन स्थित देखभाल केंद्र में रह रही है। भारत ने इस सप्ताह जर्मन राजदूत फिलिप एकरमैन को तलब किया और एक भारतीय बच्ची की वापसी के लिए कहा जो 20 महीने से अधिक समय से बर्लिन के ‘फॉस्टर केयर’ में है।

अरिहा की भारत वापसी को लेकर लगातार कर रहा पैरवी
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा, ‘‘हम इस मामले में जर्मन अधिकारियों के साथ बातचीत जारी रखे हुए हैं। हमारा मानना ​​है कि बच्ची, जो वर्तमान में देखभाल केंद्र में है, को उसके सांस्कृतिक अधिकारों और एक भारतीय नागरिक के रूप में उसके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है।'' विदेश मंत्रालय और बर्लिन स्थित भारतीय दूतावास अरिहा की भारत वापसी को लेकर लगातार पैरवी कर रहा है।

भारत का मानना है कि बच्ची के लिए उसके भाषाई, धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक परिवेश में रहना महत्वपूर्ण है। बागची ने कहा, ‘हमने इस मामले को उच्च प्राथमिकता दी है। हमारा मानना है कि बच्चे को जर्मन फॉस्टर केयर में रखे जाने से उसके सांस्कृतिक अधिकारों और एक भारतीय के रूप में उसके अधिकारों का उल्लंघन हो रहा है।’

उन्होंने कहा कि भारत इस मामले पर जर्मन अधिकारियों पर दबाव बनाना जारी रखेगा। जर्मन अधिकारियों ने यह आरोप लगाते हुए बच्ची को फॉस्टर केयर में भेज दिया कि उसके भारतीय माता-पिता उसे परेशान करते थे। विदेश मंत्रालय और बर्लिन स्थित भारतीय दूतावास लगातार अरिहा शाह की भारत वापसी की पैरवी कर रहा है। पिछले साल दिसंबर में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने जर्मनी की विदेश मंत्री एनालेना बेयरबॉक को बच्ची के संबंध में अपनी चिंताओं से अवगत कराया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News