भारत किसी के आगे झुकने वाला नहीं, ट्रंप का टैरिफ बेअसर...रूसी राष्ट्रपति पुतिन का बड़ा बयान

punjabkesari.in Friday, Oct 03, 2025 - 06:20 AM (IST)

मास्को/नई दिल्ली: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को कहा कि अमेरिका द्वारा भारत पर लगाए गए तेल और अन्य आयात टैरिफ का कोई असर नहीं होगा। उन्होंने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत के स्वाभिमान की जमकर तारीफ की। पुतिन ने यह भी कहा कि भारत और चीन ऐसे देश हैं, जो कभी किसी के सामने झुकते नहीं हैं।

ट्रंप का टैरिफ और भारत की प्रतिक्रिया

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस से तेल खरीदने के लिए भारत पर 25% अतिरिक्त टैरिफ लगाया था। इससे मिलाकर भारत पर कुल 50% अमेरिकी टैरिफ लागू हो गया। अमेरिका का आरोप है कि भारत रूस को फंडिंग कर रहा है और यूक्रेन युद्ध में इसका योगदान है।

हालांकि भारत ने स्पष्ट किया है कि देश अपने सार्वजनिक हित और ऊर्जा सुरक्षा के लिए रूसी तेल की खरीद जारी रखेगा। पुतिन ने कहा कि भारत इस मामले में अपने स्वाभिमान और राष्ट्रीय हित को प्राथमिकता देगा।

पश्चिम और यूरोप पर पुतिन का हमला

वाल्डई क्लब में एक कार्यक्रम के दौरान पुतिन ने यूरोपीय देशों और NATO पर भी तीखा हमला किया। उन्होंने कहा— यूरोप युद्ध उन्माद फैला रहा है और रूस पर झूठी आशंकाएं गढ़ रहा है। NATO पर हमला करने का रूस का कोई इरादा नहीं है, लेकिन अगर कोई उकसाएगा तो जवाब कड़ा और निर्णायक होगा। जर्मनी में अपनी सेना को यूरोप की सबसे शक्तिशाली बनाने की चर्चाओं का हवाला देते हुए पुतिन ने कहा कि रूस यूरोप के बढ़ते सैन्यीकरण पर नजर रख रहा है। पुतिन ने यह भी कहा कि रूस अपनी सुरक्षा और संप्रभुता से कभी समझौता नहीं करेगा।

‘हमें उकसाया तो मिलेगा कड़ा जवाब’

रूसी राष्ट्रपति ने चेताया कि रूस ने इतिहास में हमेशा अपनी सुरक्षा और नागरिकों की शांति पर खतरा आने पर तुरंत सख्त जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि रूस कभी सैन्य टकराव की पहल नहीं करता, लेकिन कमजोरी दिखाना अन्य देशों को भटकाव और दबाव डालने का मौका देता है।

पश्चिमी देशों पर तीखा आरोप

पुतिन ने कहा कि पश्चिम बार-बार रूस को काल्पनिक खतरा बताकर यूरोपियों को अपनी नीतियों के खिलाफ मजबूर करता है। उनका कहना है कि यूरोपीय नेता रूस के खिलाफ हिस्टीरिया फैला रहे हैं और बार-बार कहते हैं कि ‘रूस युद्ध करने वाला है’। पुतिन ने स्पष्ट किया कि रूस NATO पर हमला करने वाला नहीं है, यह पूरी तरह असंभव है।

ब्रिक्स देशों और भारत की सराहना

पुतिन ने BRICS देशों और अन्य सहयोगियों का भी आभार जताया, जिन्होंने रूस की शांति पहल का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि दुनिया में कोई भी ताकत सब पर अपनी शर्तें थोप नहीं सकती। क्रेमलिन ने पुष्टि की कि पुतिन दिसंबर में भारत दौरे पर आएंगे और प्रधानमंत्री मोदी के साथ वार्षिक शिखर बैठक करेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News