Kenya floods: भारी बारिश और बाढ़ से एक हफ्ते में 18 मौतें, हजारों परिवार बेघर, रेड अलर्ट जारी
punjabkesari.in Monday, May 04, 2026 - 08:08 AM (IST)
इंटरनेशनल डेस्क। पूर्वी अफ्रीकी देश केन्या में कुदरत का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले एक सप्ताह से जारी मूसलाधार बारिश और भीषण बाढ़ ने देशभर में तबाही मचा दी है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार पिछले सात दिनों में ही 18 लोगों की जान जा चुकी है जिनमें से अधिकांश मौतें पानी में डूबने के कारण हुई हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि अधिकतर लोगों की मौत डूबने से हुई है। देश के गृह मंत्रालय के अनुसार देशभर में बाढ़ से पिछले एक सप्ताह में 18 लोगों की मौत हुई है और 54,000 से अधिक परिवार प्रभावित हुए हैं जिनमें से 6,000 परिवार देश की राजधानी नैरोबी के हैं।
देशभर में कई विद्यालयों और अस्पतालों में पानी भर गया है तथा 17 सड़कों पर आवागमन बाधित हो गया है। भूस्खलन के कारण पश्चिमी रिफ्ट वैली क्षेत्र में हजारों लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े हैं। देश के जलविद्युत बांधों में जलस्तर बढ़ने के कारण ताना और अथी नदियों के किनारे निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से ऊंचे स्थानों पर जाने की अपील की गई है।
केन्या मौसम विज्ञान विभाग ने चेतावनी दी है कि मई के पहले दो सप्ताह में सामान्य से अधिक बारिश जारी रह सकती है। देश में बारिश का मौसम शुरू होने पर मार्च में भारी बारिश हुई थी जिससे व्यापक पैमाने पर तबाही हुई। मार्च के अंत तक वर्षा जनित हादसों में 100 से अधिक लोग मारे गए।
