फ्रांस में एलन मस्क पर शिकंजा ! डीपफेक-बाल शोषण सामग्री को लेकर भेजा सम्मन, X प्लेटफॉर्म की जांच तेज
punjabkesari.in Monday, Apr 20, 2026 - 04:01 PM (IST)
International Desk: फ्रांस में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X को लेकर बड़ी जांच चल रही है। इसी सिलसिले में कंपनी के मालिक Elon Musk को पेरिस में पूछताछ के लिए बुलाया गया है। उनके साथ X की पूर्व CEO Linda Yaccarino को भी तलब किया गया है। यह पूछताछ “वॉलंटरी” है, यानी उन्हें अपनी बात रखने का मौका दिया जाएगा। यह जांच 2025 में शुरू हुई थी, जब फ्रांस की साइबर क्राइम यूनिट को शिकायतें मिलीं कि X प्लेटफॉर्म पर नाबालिगों से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री और अश्लील डीपफेक फैल रहे हैं। इसके अलावा प्लेटफॉर्म के एल्गोरिद्म पर भी सवाल उठे कि वह गलत या भ्रामक जानकारी को बढ़ावा दे सकता है।
इस मामले में X के AI सिस्टम Grok पर भी आरोप लगे हैं। यह सिस्टम xAI ने बनाया है। कहा गया कि Grok ने कुछ मामलों में गलत और विवादित जवाब दिए, जिनमें होलोकॉस्ट से जुड़ी गलत जानकारी भी शामिल थी। बाद में इस सिस्टम ने अपनी गलती स्वीकार की और जवाब को ठीक किया। फ्रांस की जांच एजेंसियों को यह भी शक है कि इन विवादों का इस्तेमाल कंपनियों की वैल्यू बढ़ाने के लिए किया गया हो सकता है।
इस कारण फ्रांस ने अमेरिकी न्याय विभाग (US Department of Justice) और प्रतिभूति और विनिमय आयोग (Securities and Exchange Commission) को भी इस मामले की जानकारी दी है। हालांकि, रिपोर्ट्स के अनुसार अमेरिका ने इस जांच में मदद करने से इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि यह मामला राजनीतिक रूप से संवेदनशील हो सकता है। फिलहाल, यह जांच जारी है और अगर मस्क या अन्य अधिकारी पेश नहीं होते, तब भी कार्रवाई चलती रहेगी। यह मामला दुनिया भर में सोशल मीडिया और AI प्लेटफॉर्म की जिम्मेदारी पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है।
