सीरिया में बड़ा धमाका: दमिश्क के उपनगर में मिनीवैन में ब्लास्ट, 2 की मौत और 13 घायल
punjabkesari.in Friday, Aug 07, 2026 - 09:33 AM (IST)
दमिश्क (सीरिया) : सीरिया की राजधानी दमिश्क के उपनगरीय इलाके जरामना (Jaramana) में गुरूवार को हुए एक जोरदार बम विस्फोट में कम से कम दो लोगों की जान चली गई जबकि 13 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सीरियाई स्वास्थ्य मंत्रालय और सुरक्षा अधिकारियों ने इस घटना की पुष्टि की है।
सीरिया के सरकारी टेलीविजन ने एक सुरक्षा अधिकारी के हवाले से बताया कि जरामना में यह विस्फोट एक मिनीवैन टैक्सी में लगाए गए विस्फोटक उपकरण के कारण हुआ। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि विस्फोट में दो लोगों की मौत हो गई और कम से कम 13 अन्य घायल हुए हैं।
घटनास्थल पर मौजूद 'एसोसिएटेड प्रेस' के एक पत्रकार ने मलबे से एक शव निकाले जाते देखा। इस हमले की फिलहाल किसी समूह ने जिम्मेदारी नहीं ली है। जरामना में ड्रूज धार्मिक अल्पसंख्यक समुदाय की बड़ी आबादी रहती है।
यह भी पढ़ें: IPL Mega Trade Rumors: क्या KKR के नए कप्तान बनेंगे Hardik Pandya? ट्रेड की अटकलें हुई तेज
यहां ड्रूज समुदाय के कुछ सदस्यों और देश की इस्लामवादी नेतृत्व वाली मौजूदा सरकार का समर्थन करने वाले सुन्नी मुसलमानों के बीच तनाव रहा है। ड्रूज बंदूकधारियों और सरकार समर्थक लड़ाकों के बीच अप्रैल 2025 में सांप्रदायिक झड़पों में कम से कम 10 लोग मारे गए थे।
