मिस्र में दो ट्रेनों की भीषण टक्कर; बोगियों के उड़े परखच्चे , 7 यात्रियों की मौत व 125 घायल(Video)
punjabkesari.in Monday, Nov 09, 2026 - 12:31 PM (IST)
Cairo: मिस्र के गीजा प्रांत के अल-अय्यात इलाके में रविवार को दो यात्री ट्रेनों के बीच भीषण टक्कर हो गई। रेलवे प्राधिकरण के अनुसार, गीजा से फयूम जा रही एक ट्रेन ने काहिरा से असवान की ओर जा रही दूसरी ट्रेन को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में कई डिब्बे पटरी से उतर गए और कुछ पलट गए। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि दुर्घटना में सात लोगों की मौत हुई है, जबकि 125 लोग घायल हुए हैं। घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शी अब्देल वाहेद मोहम्मद (31) ने बताया कि वह पास के एक कैफे में बैठे थे।
इसी दौरान असवान जा रही ट्रेन रुकी हुई थी और पीछे से आ रही फयूम जाने वाली ट्रेन ने उसे टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि दुर्घटना दोपहर करीब 1:30 बजे हुई और छह डिब्बे पलट गए। घायलों में कई लोगों के सिर में चोटें आईं और कुछ के हाथ-पैर टूट गए। एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी अहमद मूसा (25) ने बताया कि बचावकर्मियों ने पलटे हुए डिब्बे के नीचे से यात्रियों को निकालने के लिए खुदाई की। उन्होंने कहा कि डिब्बे के अंदर कई लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरे हुए थे। उन्होंने मृतकों में दो महिलाओं को भी देखा। एक अन्य स्थानीय निवासी ताहा अब्देल तवाब ने बताया कि उन्होंने एक युवक को ट्रेन से अपने मृत पिता का शव लेकर बाहर निकलते देखा।
Mısır'da tren kazası: 7 ölü, 112 yaralı! Mısır'ın Ayat kentinde meydana gelen tren kazasında 7 kişi hayatını kaybetti, 112 kişi yaralandı. https://t.co/ZoQque9EaR
— Vaziyet (@vaziyetcomtr) November 9, 2026
टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। गांव के लोगों, रेलवे कर्मचारियों और बचावकर्मियों ने मिलकर डिब्बों में फंसे यात्रियों को निकालने की कोशिश की। घटनास्थल की तस्वीरों में कई यात्री डिब्बे पटरियों और आसपास के खेतों में बिखरे दिखाई दिए। एक डिब्बा रेलवे तटबंध के पास करवट लेकर पड़ा था, जबकि दूसरा टक्कर की वजह से बुरी तरह फट गया था। उसके भीतर की सीटें टूटकर बिखर गई थीं और लोहे के हिस्से मुड़ गए थे। बचावकर्मियों ने क्रेन और भारी मशीनों की मदद से पलटे हुए डिब्बों को सीधा किया। एंबुलेंस के जरिए घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। बचाव अभियान देर शाम तक जारी रहा। मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने हादसे पर गहरी चिंता जताई है।
उन्होंने अधिकारियों को तत्काल जांच करने और लापरवाही के दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ जवाबदेही तय करने का निर्देश दिया है। प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने इलाके में बचाव कार्य में देरी को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि क्षेत्र में परिवहन सुविधाओं की कमी के कारण राहत कार्य प्रभावित हुआ। मिस्र का अल-अय्यात इलाका पहले भी बड़े रेल हादसों का गवाह रहा है। वर्ष 2002 में काहिरा के दक्षिण में छुट्टियां मनाने जा रहे यात्रियों से भरी एक ट्रेन में आग लग गई थी। इस दुर्घटना में 370 से अधिक लोगों की मौत हुई थी। मिस्र की करीब 11 करोड़ आबादी यातायात के लिए काफी हद तक रेल नेटवर्क पर निर्भर है। अफ्रीका के सबसे बड़े रेल नेटवर्क में शामिल होने के बावजूद यहां पुरानी रेल व्यवस्था के कारण बार-बार गंभीर दुर्घटनाएं होती रही हैं।
