पाकिस्तान में लगे भूकंप के तेज झटके, दहशत में घरों से बाहर भागे लोग
punjabkesari.in Friday, Jun 05, 2026 - 11:07 PM (IST)
इंटरनेशनल डेस्क: हिमाचल प्रदेश और पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान के लाहौर में भूकंप के तेज झटकों ने लोगों की नींद उड़ा दी। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला सहित प्रदेश के कई हिस्सों में शुक्रवार की रात करीब 10:04 बजे भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए।
चंबा जिले में भूकंप का केंद्र
जानकारी के अनुसार, हिमाचल में आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5 दर्ज की गई है। भूकंप का केंद्र चंबा जिले में स्थित था। सबसे ज्यादा चिंता की बात यह रही कि इसकी गहराई मात्र 5 किलोमीटर थी, जिसके कारण झटके अपेक्षाकृत बहुत ज्यादा महसूस किए गए। झटकों का असर शिमला, कांगड़ा, कुल्लू और चंबा में देखा गया।
लाहौर में भी मची अफरा-तफरी
वहीं दूसरी ओर, पाकिस्तान के लाहौर और उसके आस-पास के इलाकों में भी मंगलवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। सीस्मिक मॉनिटरिंग सेंटर के मुताबिक, शुक्रवार को लाहौर और आस-पास के इलाकों में 4.9 मैग्नीट्यूड का भूकंप आया। झटके लगते ही लोग दफ्तरों, घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। सेंटर ने बताया कि भूकंप का सेंटर कश्मीर-भारत बॉर्डर इलाके में था। हालांकि राहत की बात यह रही कि दोनों ही जगहों से किसी बड़े जान-माल के नुकसान की तत्काल कोई खबर नहीं मिली है।
पाकिस्तान में भूकंप आना कोई नई बात नहीं है, क्योंकि यह देश इंडियन और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेट्स की सीमा पर है। साउथ एशिया के बड़े हिस्से सीस्मिक रूप से एक्टिव हैं क्योंकि इंडियन प्लेट नाम की एक टेक्टोनिक प्लेट उत्तर की ओर यूरेशियन प्लेट की ओर बढ़ रही है।
क्यों बार-बार कांपता है पहाड़?
वैज्ञानिकों के अनुसार, धरती के भीतर मौजूद टैकटोनिक प्लेट्स में जब हलचल या कंपन बढ़ जाता है, तो भूकंप महसूस होता है। पाकिस्तान का इलाका इंडियन और यूरेशियन प्लेट्स के जंक्शन पर होने के कारण बेहद संवेदनशील है। वहीं चंबा जिला भी भूकंप की दृष्टि से काफी डेंजर जोन में आता है।
