डोनाल्ड ट्रंप का नया दावा: भारत-पाक के साथ दुनिया के 4 और युद्धों को शांत करवाया
punjabkesari.in Saturday, Aug 16, 2025 - 01:03 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क: पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर चर्चा में हैं। अलास्का में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात के बाद एक न्यूज़ एजेसी को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने दावा किया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे संघर्ष को रुकवाया। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने दुनिया भर में कुल 4 युद्धों को शांत कराया है और इसमें ईरान के परमाणु शस्त्रागार के विनाश को शामिल नहीं कर रहे हैं।
बार-बार दोहराया जा रहा दावा
यह पहली बार नहीं है जब डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध रोकने का श्रेय खुद को दिया है। वह 20 से ज्यादा बार यह दावा कर चुके हैं। इससे पहले उन्होंने कहा था कि 10 मई की रात उनकी मध्यस्थता में हुई बातचीत के बाद दोनों देशों ने तत्काल युद्धविराम पर सहमति जताई थी। उन्होंने तो यहां तक दावा किया था कि उस समय परमाणु टकराव का खतरा था। भारत सरकार ने उनके इस दावे को हमेशा से खारिज किया है।
ट्रंप ने 5 बड़े संघर्ष रोकने का दावा किया
ट्रंप ने अपने इंटरव्यू में जिन पांच बड़े संघर्षों को रोकने का दावा किया, वे हैं:
- भारत-पाकिस्तान संघर्ष
- कांगो-रवांडा संघर्ष
- थाईलैंड-कंबोडिया संघर्ष
- इजराइल-ईरान तनाव
- सर्बिया-कोसोवो संघर्ष
ट्रंप ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने व्यापारिक समझौतों को हथियार बनाकर इन संघर्षों को रुकवाया। उन्होंने कहा कि उन्होंने देशों से साफ कह दिया था कि अगर वे लड़ना जारी रखते हैं, तो कोई व्यापार समझौता नहीं होगा।
भारत सरकार ने खारिज किया था दावा
ट्रंप के दावे के विपरीत भारत सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि किसी भी तीसरे पक्ष का हस्तक्षेप नहीं था। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान किसी भी तीसरे देश के हस्तक्षेप से साफ इनकार किया था। उन्होंने यह भी बताया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ट्रंप के बीच उस समय कोई फोन कॉल भी नहीं हुई थी।