बुलेट ट्रेन में चढ़ते अचानक पटरियों पर गिरा मासूम; महिला पुलिसकर्मी ने ऐसे बचाई जान, मौत को मात का वीडियो वायरल

punjabkesari.in Saturday, Oct 10, 2026 - 05:56 PM (IST)

Bejing: चीन के दक्षिण-पश्चिमी सिचुआन प्रांत के चेंगदू ईस्ट रेलवे स्टेशन पर एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। यहां जी8645 बुलेट ट्रेन में चढ़ते समय एक छोटा बच्चा प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच की खाली जगह में गिर गया। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद महिला पुलिस अधिकारी ने तुरंत कार्रवाई की और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।  घटना के सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि नीली टी-शर्ट पहने बच्चा एक महिला के साथ ट्रेन के दरवाजे तक पहुंचता है। महिला पहले अपना सामान ट्रेन के अंदर रखती है और फिर खुद डिब्बे में चढ़ जाती है। इसी दौरान पीछे से बच्चा भी ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करता है, लेकिन संतुलन बिगड़ने के कारण सीधे प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच की जगह में गिर जाता है। बच्चे को गिरते देख महिला पुलिस अधिकारी तुरंत मदद के लिए पहुंचती है। वह बिना देर किए बच्चे को उसी संकरी जगह से ऊपर खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लेती है। समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।

 
रिपोर्ट के मुताबिक, बच्चे को मामूली खरोंचें आईं और वह सुरक्षित था। इसके बाद वह अपने परिवार के साथ आगे की यात्रा पर रवाना हो गया। सीजीटीएन की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना के बाद रेलवे पुलिस ने बच्चों के साथ यात्रा करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।पुलिस ने कहा कि ट्रेन में चढ़ते और उतरते समय बच्चों पर लगातार नजर रखनी चाहिए। साथ ही, प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच मौजूद खाली जगह को लेकर भी सतर्क रहना जरूरी है। इस घटना का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से फैल रहा है। हादसे में बच्चे के बाल-बाल बचने और पुलिस अधिकारी की तत्परता की चर्चा हो रही है। यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि रेलवे स्टेशन पर छोटी-सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। खासकर बच्चों के साथ यात्रा करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News