आस्ट्रेलियाई PM ने ली कोरोना वैक्सीन की डोज, जापान को फाइजर की वैक्सीन की दूसरी खेप मिली

punjabkesari.in Sunday, Feb 21, 2021 - 03:36 PM (IST)

केनबराः आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने रविवार को कोविड-19 वैक्सीन का डोज लिया। आस्ट्रेलिया में आज कोविड-19 टीकाकरण अभियान की शुरुआत हुई और पहले दिन वैक्सीन का डोज लेने वालों में प्रधानमंत्री भी शामिल रहे। सबसे पहले 84 वर्षीय जेन मेलीसियक को फाइजर वैक्सीन डोज दिया गया।   मॉरिसन ने ट्वीट कर कहा , ‘‘ जेन से मिलिए।

 

आस्ट्रेलिया में कोविड-19 वैक्सीन का डोज लेने वाले पहले व्यक्ति। महामारी से निपटने की दिशा में आज का दिन बहुत महत्वपूर्ण है।'' उन्होंने आगे कहा, ‘‘ ऑस्ट्रेलिया में सभी के लिए टीके मुफ्त और स्वैच्छिक हैं। हमारे अपने चिकित्सा विशेषज्ञों ने इन टीकों को सुरक्षित और प्रभावी पाया है।'' उल्लेखनीय है कि आस्ट्रेलिया ने फाइजर/बायोएनटेक और एस्ट्राजेनेका/ऑक्सफोडर् की कोविड-19 वैक्सीन के इस्तेमाल की मंजूरी दी है। 

 

जापान को फाइजर की कोरोना वैक्सीन की दूसरी खेप मिली
 जापान को फाइजर की कोरोना वायरस वैक्सीन की दूसरी खेप रविवार सुबह मिल गयी। क्योडो समाचार एजेंसी ने बताया कि बेल्जियम से वैक्सीन आज सुबह टोक्यो के नारिता अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंची। एजेंसी ने हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया कि दूसरी खेप में कितनी खुराक पहुंची है। इससे पहले जापान को 12 फरवरी को फाइजर के बेल्जियम स्थित कारखाने से वैक्सीन की 4,00,000 खुराक का पहली खेप मिली थी।

 

जापान ने 17 फरवरी से कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए सार्वजनिक टीकाकरण अभियान की शुरुआत की है। राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान के पहले दिन 125 मेडिकल कर्मचारियों को जापान में कोरोना वैक्सीन दी गयी। देश में शुक्रवार शाम तक पांच हजार लोगों को वैक्सीन दी जा चुकी थी। जापान में 65 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को अप्रैल से वैक्सीन लगाने की योजना है। फाइजर की वैक्सीन जापान में कोरोना वायरस का एकमात्र अधिकृत टीका है। जापानी प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा ने शनिवार को कहा कि देश के स्वास्थ्य मंत्रालय को पहले संदेह था कि फाइजर वैक्सीन से एलर्जी हो सकती है। 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News