आज सुबह फिर लगे भूकंप के झटके, सहमे लोग

punjabkesari.in Monday, Apr 27, 2015 - 08:09 AM (IST)

नई दिल्ली/काठमांडू: सोमवार सुबह एक बार फिर से नेपाल में भूकंप के झटके लगे जिससे लोग सहम गए। आज सुबह करीब 6.25 बजे हल्के झटके महसूस किए गए हालांकि इससे कोई नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन लोगों के दिल में डर बैठ गया है। गत रविवार और बीती रात आए झटके के बाद से ही लोग घर जाने से कतरा रहे थे। लगातार दूसरे दिन नेपाल ने खुले आसमान के नीचे सोया।

अब तक नेपाल में 2789 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 6 हजार से ज्यादा लोग जख्मी हैं। अकेले काठमांडू में 1000 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं राहत की बात यह है कि अब नेपाल में मौसम साफ बताया जा रहा है, जिससे राहत और बचाव के कामों में तेजी आएगी। दूसरी ओर केंद्र सरकार ने भारतीयों को बचाने पूरी ताकत झोंक दी है।

सेना के 13 विमानों के साथ बसें भी बचाव की मुहिम में शामिल की जा रही हैं। रक्सौल और सोनौली के रास्ते सोमवार को 60 बसें नेपाल रवाना होंगी। भारत ने भूकंप प्रभावित नेपाल के लिए गत रविवार को 15 टन चिकित्सकीय आपूर्ति के साथ चिकित्सकों और तकनीशियनों की 34 सदस्यीय एक टीम भेजी है। अधिकारियों ने बताया कि यह टीम नेपाल के लिए वायुसेना के एक विमान में रवाना हो चुकी है।

मंत्रालय ने कल के विनाशकारी भूकंप के बाद स्वास्थ्य सेवाओं को हाई अलर्ट पर रखा है। नेपाल में भीषण भूकंप की वजह से माउंट एवरेस्ट पर हिमस्खलन से दुनिया की सबसे उंची चोटी के बेस कैंप के एक हिस्से में कम से कम 22 पर्वतारोहियों की मौत हो गई, जबकि वहां विदेशियों सहित सैकड़ों पर्वतारोही फंसे हुए हैं। हिमस्खलन की जद में बेस कैंप के आने से वहां 60 से अधिक पर्वतारोही घायल हो गए और सैकड़ों विदेशी पर्वतारोहियों और गाइड के लापता होने की आशंका है। हिमस्खलन की वजह से शिविर का एक हिस्सा शनिवार को बर्फ में दब गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News