दरिंदगी का मंजर, चारों तरफ लाशें ही लाशें

punjabkesari.in Friday, Jan 16, 2015 - 05:38 PM (IST)

अबूजा: नाइजीरिया में इस्लामिक आतंकी संगठन बोको हरम का कहर बढ़ता ही जा रहा है हाल ही में इस आतंकी संगठन ने नाइजीरिया के 16 गांवों को जलाकर खाक कर दिया और 2000 से ज्यादा लोगों को मौत के घाट उतार दिया। कहा जा रहा है इस नरंसहार में बोको हरम ने गर्भवती महिलाओं को भी नहीं बख्शा और इस हमले के लगभग एक सप्ताह के बाद भी इलाके में लाशें बिखरी पड़ी हैं।

बोको हरम द्वारा हाल ही में दो कस्बों पर किए गए हमले की सैटेलाइट तस्वीर जारी हुई हैं। ये तस्वीरें रोंगटे खड़े देने वाली हैं। इन तस्वीरों को एमनेस्टी इंटरनैशनल ने जारी किया है। तस्वीरों में बोको हरम द्रारा अंजाम दिए गए नरसंहार के बाद की तस्वीर भी है।
 
मानवाधिकारों के लिए काम करने वाली संस्था एमनेस्टी इंटरनैशनल ने हमले के शिकार हुए बागा और डोरोन की दो तस्वीरें जारी की हैं।  पहली तस्वीर में जो लाल रंग नजर आ रहा है, वह पहले आबादी थी। दूसरी तस्वीर में पूरा इलाका जला हुआ नजर आ रहा है।

तस्वीरों को देखने से साफ लगता है कि बोको हरम के हमले में कैसे पूरी की पूरी आबादी खत्म हो गई है। पहले कहा जा रहा था कि इस हमले में 2000 लोग मारे गए हैं लेकिन अब इन तस्वीरों के सामने आने के बाद कहा जा रहा है कि मरने वालों की तादाद इस संख्या से कहीं ज्यादा होगी। दोनों कस्बों की करीब 3,700 इमारतों को नुकसान पहुंचाया गया है।

एमनेस्टी ने कहा कि इन तस्वीरों से पता चलता है कि कितना विनाश किया गया है। बागा कस्बे में 620 इमारतों जिनमें घर, दुकान आदि शामिल हैं, और डोरेन बागा में 3100 इमारतों को तबाह कर दिया गया है। 6 साल से आतंक मचा रहे इस संगठन ने  कुल मिलाकर 3700 ठिकानों को पूरी तरह से खत्म कर दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि आतंकी संगठन बोको हरम नाइजीरिया का आतंकी संगठन है। 2002 में बोको हरम का गठन धर्मगुरु मोहम्मद युसूफ ने किया। बोको हरम का मक़सद मौजूदा सरकार का तख्तापलट कर इस्लामिक राज्य कायम करना है। बोको हरम का मानना है कि नाइजीरिया को अल्लाह में भरोसा न रखने वाले लोग चला रहे हैं हालांकि वहां के राष्ट्रपति खुद मुसलमान हैं। सितंबर 2013 में बोको हरम ने 200 लड़कियों को अगवा कर लिया था और उन्हें देह व्यापार के लिए बेचा दिया गया।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News