अमेरिकी नेता लिंडसे के निधन पर भावुक हुए जेलेंस्की, बोले- ''दुनिया ने एक मजबूत नेता खो दिया''...
punjabkesari.in Monday, Jul 13, 2026 - 03:25 PM (IST)
International Desk: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि ग्राहम स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों के सच्चे रक्षक थे और उनके निधन से "अमेरिका ही नहीं, पूरी दुनिया ने एक दृढ़ नेता खो दिया है।"लिंडसे ग्राहम ने निधन से एक दिन पहले ही कीव में राष्ट्रपति जेलेंस्की से मुलाकात की थी। उस दौरान उन्होंने यूक्रेन के प्रति अमेरिका के समर्थन को दोहराया था और रूस के खिलाफ नए प्रतिबंधों को आगे बढ़ाने की बात कही थी।
71 वर्ष की उम्र में हुआ निधन
रिपोर्ट के अनुसार, रिपब्लिकन पार्टी के वरिष्ठ नेता और दक्षिण कैरोलिना से अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम का शनिवार शाम 71 वर्ष की आयु में अचानक निधन हो गया। उनके कार्यालय ने बताया कि वे संक्षिप्त बीमारी के बाद दुनिया से विदा हो गए। वहीं, वॉशिंगटन डीसी के मुख्य मेडिकल एग्जामिनर कार्यालय के अनुसार, उनकी मृत्यु एओर्टिक डिसेक्शन (Aortic Dissection) के कारण हुई, जो धमनियों से जुड़ी हृदय संबंधी बीमारी का परिणाम था।
यूक्रेन के सबसे बड़े समर्थकों में थे ग्राहम
जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि रूस के पूर्ण पैमाने पर हमले शुरू होने के बाद ग्राहम 10 बार यूक्रेन आए और हर कठिन समय में यूक्रेनी जनता के साथ मजबूती से खड़े रहे। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के बीच लगातार संवाद होता था और पिछले एक सप्ताह में भी उनकी दो मुलाकातें हुई थीं।
रूस पर कड़े प्रतिबंधों की कर रहे थे पैरवी
जेलेंस्की ने बताया कि ग्राहम अमेरिकी संसद में यूक्रेन के लिए दलीय और द्विसदनीय समर्थन जुटाने में अहम भूमिका निभा रहे थे। हाल के दिनों में वे रूस पर और कड़े प्रतिबंध लगाने तथा युद्ध को समाप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल पर काम कर रहे थे। यूक्रेनी राष्ट्रपति ने ग्राहम के परिवार, दोस्तों और उनके साथ काम करने वाले सभी लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यूक्रेन उनके समर्थन और साहस को हमेशा याद रखेगा।
