रियाद के बाद अब दम्माम एयरपोर्ट पर बड़ा हूती हमला : किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट बना निशाना

punjabkesari.in Monday, Oct 12, 2026 - 06:15 AM (IST)

रियाद/दम्माम: सऊदी अरब के हवाई अड्डों पर संकट और गहरा गया है। राजधानी रियाद के किंग खालिद एयरपोर्ट पर हुए हमलों के बाद अब यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने रविवार (11 अक्टूबर 2026) को दम्माम स्थित 'किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट' (King Fahd International Airport) को निशाना बनाकर नया हमला किया है।

सऊदी उड्डयन प्राधिकरण (GACA) ने की हमले की पुष्टि
सऊदी अरब के सामान्य नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (GACA) ने पुष्टि की है कि देश के पूर्वी प्रांत (Eastern Province) में स्थित दम्माम एयरपोर्ट को रविवार शाम निशाना बनाया गया। प्राधिकरण ने बताया कि संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर सुरक्षा जांच और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। दम्माम शहर, रियाद से लगभग 410 किलोमीटर पूर्वोत्तर में स्थित है और यह क्षेत्र सऊदी अरब के तेल व गैस उद्योग का प्रमुख औद्योगिक व वाणिज्यिक केंद्र है।

रियाद एयरपोर्ट के टर्मिनल 4 पर फिर दागा प्रोजेक्टाइल, लगी आग
दम्माम पर हमले से पहले हूती विद्रोहियों ने रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी रविवार को फिर हमला किया। सऊदी नीत गठबंधन के अनुसार, रियाद एयरपोर्ट के टर्मिनल 4 को निशाना बनाकर दागे गए एक "अज्ञात प्रोजेक्टाइल" के कारण वहां आग लग गई और कुछ लोग घायल हो गए। हालांकि, सऊदी वायु रक्षा प्रणाली ने रियाद एयरपोर्ट के पास आ रही एक क्रूज मिसाइल को हवा में ही इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया।

रियाद हमले में मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हुई, भारतीय नागरिक ने भी तोड़ा दम
रियाद एयरपोर्ट पर शनिवार को हुए भीषण हमले में मौतों का आंकड़ा बढ़कर 13 हो गया है। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने पुष्टि की है कि हमले में घायल हुए एक भारतीय नागरिक ने रविवार को दम तोड़ दिया। शनिवार के हमले में मारे गए लोगों में 4 सऊदी, 2 बांग्लादेशी और भारत, अमेरिका, जॉर्डन, फिलिस्तीन, सीरिया, सूडान व मिस्र के 1-1 नागरिक शामिल हैं।

हूती विद्रोहियों की एयरलाइंस को नई चेतावनी: 'अभी और बुरा होना बाकी है'
हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सारी (Yahya Saree) ने रियाद और दम्माम हमलों की जिम्मेदारी ली है। हूती समूह ने एयरलाइंस कंपनियों, हवाई अड्डा कर्मचारियों और यात्रियों को सऊदी अरब के एयरपोर्ट्स से दूर रहने की नई चेतावनी जारी की है। वहीं हूती विदेश मंत्रालय ने 'अल मसीराह' टीवी पर बयान जारी कर चेतावनी दी कि "जब तक सऊदी दुश्मन यमन में अपनी आक्रामकता और हस्तक्षेप बंद नहीं करता, तब तक आगे और भी बुरा होना बाकी है"। हूतियों का दावा है कि पिछले 24 घंटों के दौरान सऊदी नीत गठबंधन ने यमन की राजधानी साना और सादा पर 124 हवाई हमले किए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News