Earthquake : चीन के तिबब्त में लगे भूंकप के जोरदार झटके, 7.0 रही तीव्रता
punjabkesari.in Thursday, Oct 22, 2026 - 09:00 PM (IST)
तिब्बत : चीन के तिब्बत क्षेत्र में गुरुवार को 7.0 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। भारत के नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, भूकंप भारतीय समयानुसार रात करीब 8:03 बजे दर्ज किया गया। इसका केंद्र जमीन से 173 किलोमीटर की गहराई में था। फिलहाल, भूकंप से जान-माल के नुकसान की कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
नागचू क्षेत्र में महसूस किए गए झटके
चीन के भूकंप नेटवर्क केंद्र (CENC) के मुताबिक, भूकंप स्थानीय समयानुसार रात करीब 10:33 बजे उत्तरी तिब्बत के नागचू क्षेत्र में आया। इसके झटके स्थानीय इलाकों में महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र तिब्बत की राजधानी ल्हासा से करीब 400 किलोमीटर दूर बताया गया है।
वहीं, जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज (GFZ) ने भूकंप की गहराई 10 किलोमीटर बताई थी। अलग-अलग एजेंसियों की ओर से भूकंप की गहराई के अलग-अलग आंकड़े सामने आए हैं। फिलहाल, इससे हुए नुकसान और भूकंप के प्रभाव को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
कुछ सप्ताह पहले बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित हुआ था क्षेत्र
तिब्बत में यह भूकंप ऐसे समय आया है, जब कुछ सप्ताह पहले नेपाल-चीन सीमा के पहाड़ी इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन से भारी तबाही की खबरें सामने आई थीं। अगस्त के आखिर में नेपाल और चीन के तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र की सीमा के पास ग्लेशियर ढहने की घटना के बाद भूस्खलन और अचानक बाढ़ आई थी। इससे निचली घाटियों में बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ था।
