चेहरा ऐसा कि देखकर...: जिनी लू Pug ने जीता दुनिया की ‘सबसे बदसूरत’ डॉग का खिताब, मिला लाखों का पुरस्कार (Video)

punjabkesari.in Monday, Aug 17, 2026 - 05:14 PM (IST)

New York: दुनिया में खूबसूरती की प्रतियोगिताएं तो आपने खूब सुनी होंगी, लेकिन क्या आपने कभी ‘दुनिया के सबसे बदसूरत कुत्ते’ की प्रतियोगिता के बारे में सुना है? अमेरिका में आयोजित इस अनोखी प्रतियोगिता में 6 साल की पग जिनी लू ने इस साल खिताब अपने नाम कर लिया। खास बात यह है कि जिनी लू चौथी बार इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही थीं। इस जीत के साथ उनके मालिक को करीब 4.7 लाख रुपए का इनाम भी मिला।

 

2026 World's Ugliest Dog Contest का आयोजन 14 अगस्त को अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित सांता रोजा के Sonoma County Fairgrounds में हुआ। यह प्रतियोगिता का 50वां संस्करण था। प्रतियोगिता में अलग-अलग नस्लों के ऐसे कुत्तों ने हिस्सा लिया, जिनका लुक सामान्य तौर पर बेहद अलग और अनोखा माना जाता है। हालांकि, इस प्रतियोगिता का मकसद वास्तव में कुत्तों का मजाक उड़ाना नहीं है। आयोजकों के मुताबिक, यह कार्यक्रम हर कुत्ते की अलग पहचान और खूबसूरती को सेलिब्रेट करने के साथ-साथ रेस्क्यू और पेट एडॉप्शन को बढ़ावा देने के लिए आयोजित किया जाता है।

 

6 साल की पग जिनी लू ने इस प्रतियोगिता में चौथी बार हिस्सा लिया और इस बार आखिरकार खिताब अपने नाम कर लिया। जिनी लू को चार साल पहले Pug Rescue के जरिए गोद लिया गया था। उनकी मालिक मिशेल ग्रेडी के मुताबिक, जिनी लू को प्रतियोगिता पसंद है और वह लोगों से मिलने-जुलने का भी खूब आनंद लेती हैं। जिनी लू के जीतने के बाद उनकी मालिक मिशेल ग्रेडी को 5,000 डॉलर का पुरस्कार मिला। भारतीय मुद्रा में यह रकम करीब 4.77 लाख रुपए बैठती है।प्रतियोगिता में दूसरा स्थान Pinky नाम के Chihuahua/Pomeranian मिक्स ने हासिल किया। उसे 3,000 डॉलर का पुरस्कार मिला। वहीं तीसरे स्थान पर रहे Chihuahua मिक्स Otto को 2,000 डॉलर दिए गए।

 

इस प्रतियोगिता के नाम को सुनकर भले ही यह लगे कि इसका मकसद कुत्तों की शक्ल का मजाक उड़ाना है, लेकिन आयोजक इससे बिल्कुल अलग संदेश देना चाहते हैं। Sonoma-Marin Agricultural Association की CEO मैंडी क्लेंडेनन के मुताबिक, यह आयोजन वास्तव में दुनिया के सबसे बदसूरत कुत्ते को खोजने के बारे में नहीं है। पिछले 50 वर्षों से प्रतियोगिता का उद्देश्य हर कुत्ते की विशिष्टता, करुणा, रेस्क्यू और स्वीकार्यता का जश्न मनाना रहा है। जिनी लू की जीत की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी इस अनोखी प्रतियोगिता को लेकर खूब चर्चा हो रही है। प्रतियोगिता में शामिल कुत्तों के अलग-अलग लुक लोगों का ध्यान खींच रहे हैं।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News