UK के स्मेथविक में अधेड़ पर जानलेवा हमला, हत्या की कोशिश के आरोप में 17 साल का किशोर गिरफ्तार
punjabkesari.in Friday, Jun 19, 2026 - 12:54 PM (IST)
Smethwick Road Violent Attack : यूके (ब्रिटेन) के स्मेथविक शहर में एक व्यक्ति पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। वेस्ट मिडलैंड्स पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए एक 17 वर्षीय किशोर को गिरफ्तार किया है। उस पर हत्या की कोशिश करने का गंभीर आरोप है। इस हिंसक वारदात के बाद से ही पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस स्थानीय नागरिकों से इस घटना से जुड़े सबूत जुटाने के लिए सहयोग मांग रही है।
पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक यह वारदात 14 जून 2026 की रात करीब 8:30 बजे स्मेथविक के सेंट पॉल्स रोड (St Paul's Road) पर अंजाम दी गई थी। इस बेरहम हमले में करीब 50 से 59 वर्ष की उम्र (50 के दशक) का एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था। हमले के बाद से ही उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और वह अस्पताल में भर्ती है।
यह भी पढ़ें: Dubai के पेट्रोल पंप पर काम करके कितना कमा लेते हैं लोग? किस पोस्ट पर होती है सबसे ज्यादा कमाई, जानें
मामले की तफ्तीश कर रही पुलिस टीम ने आरोपियों का सुराग लगाने के लिए कई शहरों में छापेमारी की। 17 साल के मुख्य आरोपी किशोर को पुलिस ने कल रात लीड्स (Leeds) शहर से गिरफ्तार किया। उसे आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए वापस वेस्ट मिडलैंड्स लाया जा रहा है।
वारदात के तुरंत बाद पुलिस ने जिस 45 वर्षीय व्यक्ति को शक के आधार पर हिरासत में लिया था उसे अब रिहा कर दिया गया है। पुलिस जांच में उसके खिलाफ कोई सबूत नहीं मिले इसलिए उसके खिलाफ अब कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।
