हॉकी के ऑस्कर से सम्मानित होंगे खिलाड़ी

punjabkesari.in Saturday, Mar 26, 2016 - 04:38 PM (IST)

 बेंगलुरुःभारतीय गोल की दीवार कहे जाने वाले गोलकीपर पी.आर. श्रीजेश और महिला टीम की कप्तान रितु रानी को हॉकी इंडिया के दूसरे वार्षिक पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। ये पुरस्कार वर्ष 2015 के प्रदर्शन के आधार पर दिए जाएंगे। इन पुरस्कारों में कुल 2 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि होगी। 

वर्ष के सर्वश्रेष्ठ पुरूष खिलाड़ी के पुरस्कार के लिए  श्रीजेश को बीरेन्दर लाकड़ा, आकाशदीप सिंह और मनप्रीत सिंह से चुनौती मिलेगी जबकि वर्ष के सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी पुरस्कार के लिए रितु रानी के सामने रानी, दीपिका और सविता की चुनौती होगी। इन दोनों पुरस्कारों में 25-25 लाख रुपए और ट्राफी प्रदान की जाएगी। 

वर्ष के सर्वश्रेष्ठ उभरते खिलाड़ी के लिए जुगराज सिंह पुरस्कार(अंडर-21) की होड़ में अरमान कुरैशी, दीप्सान टिर्की, हरमनप्रीत सिंह और हरजीत सिंह शामिल है। इसमें 10 लाख रुपए और ट्राफी दी जाएगी। वर्ष की सर्वश्रेष्ठ उभरती महिला खिलाड़ी के लिए असुंता लाकड़ा पुरस्कार(अंडर-21) की होड़ में सोनिका, दीप ग्रेस एका, प्रीति दुबे और लिलिमा मिंज शामिल है। इसमें भी 10 लाख  रुपए  और ट्राफी भी दी जाएगी।  श्रीजेश वर्ष के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के अलावा सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर पुरस्कार की होड़ में भी शामिल हैं।

सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर के लिये बलजीत सिंह अवार्ड की होड़ में श्रीजेश के अलावा सविता , हरजोत सिंह और रजनी एतिमारप्पू शामिल हैं। इस पुरस्कार में पांच लाख रुपए की राशि मिलेगी।   डिफेंडर बीरेन्दर लाकड़ा सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के अलावा वर्ष के सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर के लिए परगट सिंह अवार्ड में नामित किए गए हैं। एक भव्य समारोह में शनिवार को प्रदान किए जाएंगे।   


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News