बंधक बनाकर डेढ़ साल तक करता रहा नाबालिगा से बलात्कार

Saturday, Mar 07, 2015 - 09:31 AM (IST)

देहरागोपीपुर: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में एक नाबालिग को बंधक बनाकर उससे बलात्कार करने का मामला सामने आया है।

जानकारी के अनुसार देहरा की नाबालिगा ने पुलिस को बयान में बताया कि नगरोटा बगवां का एक शादीशुदा व्यक्ति उसे डेढ़ साल तक अपने घर में बंधक बनाकर उसकी अस्मत लूटता रहा। लड़की ने अपने बयान में बताया कि उसके मां-बाप के बीच झगड़ा रहता है। इस झगड़े के चलते उसके मां-बाप दोनों एक-दूसरे के साथ नहीं रहते हैं। उसकी मां उसे 17 साल की उम्र में कांगड़ा ले गई।

बाद में वह उसे कांगड़ा से लेकर आरोपी के घर पहुंच गई। आरोपी व्यक्ति चार लड़कियों का बाप है। वह अपने माता पिता के साथ नगरोटा बगवां में ही रहता है। लड़की ने बताया कि उसकी मां आरोपी के घर उसे छोड़ कर वहां से चली गई। आरोपी का उसकी पत्नी से झगड़ा चल रहा था। इसके चलते उसका अपनी पत्नी से बोलचाल बंद था। इसके बाद आरोपी ने उसे घर के कमरे में कैद कर डेढ़ साल तक जबरदस्ती उससे बलात्कार किया।

किसी तरह नाबालिगा अपनी बुआ की लड़की से मिली और उसने उसे नगरोटा बगवां रेलवे स्टेशन पर मिलने की बात कही। बाद में वह किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर नगरोटा बगवां रेलवे स्टेशन पर पहुंची और अपनी बुआ की लड़की के साथ वहां से भागी। इसके बाद अपनी बुआ, पिता एवं पंचायत प्रधान को लेकर देहरा पुलिस स्टेशन पहुंच गई। यहां उसने अपनी मां, आरोपी युवक एवं उसके परिवार के खिलाफ शिकायत दर्ज करवा दी।





 

 
 
 
Advertising