सम्मान करना सीखें ... Jaya Bachchan और Hema Malini के साथ ऐसा बर्ताव क्यों ? पैपराजी की ट्रोलिंग पर Esha Deol ने उठाए सवाल

punjabkesari.in Thursday, Oct 29, 2026 - 01:29 PM (IST)

Esha Deol Statement : अभिनेत्री ईशा देओल ने सोशल मीडिया पर ट्रोल करने वालों और कभी-कभी पैपराजी द्वारा जया बच्चन, हेमा मालिनी और अन्य वरिष्ठ कलाकारों के साथ किए जाने वाले अपमानजनक बर्ताव के खिलाफ आवाज उठाई है। अभिनेत्री ने कहा कि सोशल मीडिया पर ज्यादा ध्यान खींचने के लिए फोटोग्राफरों को निर्देश दिए जाते हैं और ऐसे बर्ताव के लिए उन्हें बढ़ावा दिया जाता है।

IANS के साथ एक खास बातचीत में, ईशा ने कहा कि फोटोग्राफरों को उनके बर्ताव के लिए पूरी तरह से जिम्मेदार नहीं ठहराया जाना चाहिए क्योंकि अक्सर उन्हें वे लोग निर्देश देते हैं जो उनका काम मैनेज करते हैं।

उन्होंने कहा, "जब कोई बच्चा बड़ा होकर किशोर बनता है और उसका बर्ताव अच्छा नहीं होता, तो आप किसे दोष देते हैं ? माता-पिता को क्योंकि उन्होंने बच्चे को सही परवरिश नहीं दी। मुझे लगता है कि इस मामले में भी कुछ ऐसा ही है, फोटोग्राफरों को निर्देश दिए जा रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा, "मुझे नहीं लगता कि इसमें उस व्यक्ति की गलती है जो फोटो खींच रहा है। असल में, जो लोग ये पेज चला रहे हैं, वे ज्यादा लाइक्स या ट्रैक्शन पाने के लिए ऐसी चीजें अपने पेज पर डालना चाहते हैं। इसलिए मुझे लगता है कि असली समस्या की जड़ यहीं है, जिसे ठीक करने की जरूरत है।
ईशा ने इस बात पर भी चर्चा की कि कैसे पैपराज़ी वरिष्ठ कलाकारों के साथ बर्ताव करते हैं। उन्होंने कहा कि उनके परिवार ने भी ऐसी स्थितियों का सामना किया है और वे इस तरह के बर्ताव को सम्मानजनक नहीं मानतीं।

उन्होंने कहा, "मेरा मतलब है कि हमारे परिवार ने भी इस तरह की चीजें झेली हैं और मुझे नहीं लगता कि यह बिल्कुल भी सम्मानजनक है। अगर आप मुझसे ईमानदारी से पूछें, तो यह इंडस्ट्री इन्हीं लोगों से बनी है। बिना नाम लिए कहूं तो, ये सभी हमारी इंडस्ट्री के स्तंभ हैं। आपको उनका सम्मान करना चाहिए, आखिरकार इन्हीं लोगों ने हमें सिनेमा दिया है।

ईशा ने आगे कहा कि फोटोग्राफरों को यह समझना चाहिए कि किन हस्तियों को उनके साथ हल्की-फुल्की बातचीत या मजाक पसंद है, और कौन लोग इस तरह के बर्ताव से असहज महसूस करते हैं। तो, उन्हें वह सम्मान दें और जो लोग आपके साथ हंसी-मजाक करना पसंद करते हैं, उनके साथ वैसा ही करें। इसमें क्या हर्ज है ? क्योंकि कुछ लोग ऐसे भी हैं जिन्हें ऐसा करना अच्छा लगता है इसलिए, अपनी सीमाओं का ध्यान रखें। यहां ऐसा बिल्कुल न करें और जहां करना है, वहां जो चाहें करें। मुझे लगता है कि बात बस इतनी सी है।

जो लोग नहीं जानते, उन्हें बता दें कि कई अनुभवी कलाकार, जो सोशल मीडिया की दुनिया से वाकिफ नहीं हैं, अक्सर पैपराजी (फोटोग्राफरों) से परेशान हो जाते हैं। पैपराजी उनसे एक परफेक्ट तस्वीर के लिए कभी बाएं, कभी दाएं, तो कभी सामने देखने के लिए कहते हैं। खास तौर पर जया बच्चन को फोटोग्राफरों के साथ अपने बर्ताव को लेकर सोशल मीडिया पर अक्सर ट्रोल किया जाता रहा है। उनके व्यवहार को लेकर उनकी नाराजगी कई बार ऑनलाइन चर्चा का विषय बन जाती है। हेमा मालिनी को भी पैपराजी के साथ अपने बर्ताव को लेकर आलोचना का सामना करना पड़ा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Prachi Sharma

Related News