किसी को परिवार से दूर न रहना पड़े... छठ पूजा पर सिंगर Vishal Mishra ने उठाया बड़ा कदम, अगले साल श्रद्धालुओं को पहुचाएंगे घर
punjabkesari.in Sunday, Nov 15, 2026 - 12:21 PM (IST)
Vishal Mishra Chhath Puja 2026 : गायक-संगीतकार विशाल मिश्रा ने अगले साल छठ पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं को उनके घर पहुँचने में मदद करने का संकल्प लिया है। 'कैसे हुआ' गाने के गायक ने इंस्टाग्राम पर एक नोट साझा किया, जिसमें उन्होंने छठ पूजा के लिए अपने गृह नगर लौटते समय श्रद्धालुओं को होने वाली कठिनाइयों पर चिंता जताई है।
विशाल मिश्रा ने लिखा, "हर साल, लाखों श्रद्धालुओं को छठ के महान त्योहार के लिए घर लौटते समय भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। अगले साल से, मैंने और मेरे सहयोगियों ने यह संकल्प लिया है कि हम अपनी क्षमता के अनुसार अधिक से अधिक लोगों को छठ के लिए घर पहुंचने में मदद करेंगे।
उन्होंने आगे कहा, "हमारा एकमात्र प्रयास यह सुनिश्चित करना है कि इस पावन त्योहार के दौरान किसी को भी अपने परिवार से दूर न रहना पड़े। जय छठी मैया ! चार दिनों तक चलने वाली छठ पूजा की शुरुआत 13 नवंबर को 'नहाय-खाय' के साथ हुई, जिसके बाद शनिवार को 'खरना' मनाया गया। तीसरे दिन, 15 नवंबर को, श्रद्धालु नदियों के किनारे और अन्य जलाशयों पर इकट्ठा होकर डूबते हुए सूर्य को 'संध्या अर्घ्य' देंगे। यह त्योहार 16 नवंबर को 'ऊषा अर्घ्य' के साथ संपन्न होगा, जब श्रद्धालु उगते हुए सूर्य को प्रार्थना अर्पित करेंगे।
'खरना' के दौरान, श्रद्धालु सूर्योदय से सूर्यास्त तक उपवास रखते हैं और प्रार्थना करने तथा पारंपरिक प्रसाद—जिसमें आमतौर पर गुड़ वाली खीर और रोटी शामिल होती है, अर्पित करने के बाद अपना व्रत खोलते हैं। इसके बाद, वे लगभग 36 घंटों का कठिन उपवास रखते हैं, जिसमें वे न तो कुछ खाते हैं और न ही पानी पीते हैं। सूर्य देव और छठी मैया की उपासना को समर्पित छठ पूजा में पवित्रता, अनुशासन, भक्ति और कृतज्ञता पर जोर देने वाले अनुष्ठान किए जाते हैं। इस दौरान श्रद्धालु अपने परिवार की सेहत, समृद्धि और कल्याण के लिए आशीर्वाद मांगते हैं।
