अनुराग कश्यप, निखिल आडवाणी, विक्रमादित्य मोटवाने और वासन बाला ने लॉन्च किया ‘डुग डुग’ का ट्रेलर

punjabkesari.in Sunday, Apr 26, 2026 - 03:38 PM (IST)

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। एक खोई हुई बाइक, और उससे जन्मी आस्था की नई कहानी। डेब्यू निर्देशक ऋत्विक पारेख की फिल्म डुग डुग का ट्रेलर रिलीज़ हो गया है, जो दर्शकों को एक अनोखी दुनिया की झलक देता है। यह फिल्म कॉमेडी, मिस्ट्री और व्यंग्य का दिलचस्प मिश्रण है, जो आस्था, जादू और तर्क के बीच की पतली रेखा को मज़ेदार अंदाज़ में दिखाती है। फिल्म के ट्रेलर को इसके चार एग्जीक्यूटिव निर्माताओं अनुराग कश्यप, निखिल आडवाणी, विक्रमादित्य मोटवाने और वासन बाला ने लॉन्च किया।

“ना जाने भगवान भी कौन-कौन से खेल खेलता है।” इस संवाद के साथ डुग डुग का ट्रेलर शुरू होता है, जहां एक किरदार गांव के एक व्यक्ति की मौत की कहानी सुनाता है। रहस्य तब और गहरा जाता है जब उस व्यक्ति की बाइक पुलिस स्टेशन से गायब हो जाती है और बाद में उसी जगह वापस मिलती है, जहां उसकी मौत हुई थी।

 

 

 

 

 

View this post on Instagram

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

A post shared by Ritwik Pareek (@ritwikpareek)

सच्ची घटनाओं से प्रेरित डुग डुग एक ऐसे अजीब घटनाक्रम की कहानी है, जिसमें एक मृत व्यक्ति की मोटरसाइकिल को चमत्कारी मान लिया जाता है। लोगों का विश्वास है कि अगर उस बाइक के सामने प्रार्थना की जाए और शराब चढ़ाई जाए, तो मनोकामनाएं पूरी होती हैं। जैसे-जैसे यह खबर फैलती है और लोगों की इच्छाएं पूरी होने लगती हैं, यह आस्था धीरे-धीरे एक बड़े और व्यावसायिक धर्म का रूप ले लेती है।

ट्रेलर फिल्म के मज़ेदार और जादुई माहौल को शानदार तरीके से पेश करता है। सिनेमैटोग्राफर आदित्य एस. कुमार की ट्रिपी और विजुअली आकर्षक सिनेमैटोग्राफी, ऋत्विक पारेख की कहानी को और भी प्रभावशाली बनाती है। यह फिल्म 8 मई को भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।

डुग डुग का निर्माण बॉटल रॉकेट पिक्चर्स के बैनर तले प्रेरणा पारेख और ऋत्विक पारेख ने किया है। फिल्म को रंजन सिंह की फ्लिप फिल्म्स के सहयोग से भारत में रिलीज़ किया जाएगा।

डुग डुग का प्रीमियर टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (TIFF) में हुआ था। इसके बाद फिल्म सांता बारबरा इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल, इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न, इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ लॉस एंजिल्स, मामी मुंबई फिल्म फेस्टिवल और इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ केरल समेत कई अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सवों में प्रदर्शित की जा चुकी है।

फिल्म में अल्ताफ खान, गौरव सोनी, योगेंद्र सिंह और दुर्गा लाल सैनी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Manisha

Related News