निखिल सिद्धार्थ का दिखा जबरदस्त योद्धा अवतार, ''स्वयंभू'' का वॉर सॉन्ग ''आजा धीरारा'' हुआ रिलीज़

punjabkesari.in Friday, Apr 17, 2026 - 01:24 PM (IST)

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। अपनी रिलीज से पहले जबरदस्त चर्चा बटोरते हुए, 'कार्तिकेय 2' फेम निखिल सिद्धार्थ की फिल्म 'स्वयंभू' 2026 की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक बनी हुई है। फिल्म के टीजर ने अपने भव्य दृश्यों, ऐतिहासिक कहानी, दमदार एक्शन और बड़े स्केल से दर्शकों को काफी प्रभावित किया, जिसे 18 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिले हैं और तब से इसे लेकर उत्साह लगातार बढ़ता ही जा रहा है।

​इसी एक्साइटमेंट को और बढ़ाते हुए, मेकर्स ने अब फिल्म का बहुप्रतीक्षित पहला सिंगल 'आजा धीरारा' रिलीज कर दिया है। यह गाना एक हाई-एनर्जी 'वॉर क्राई' ट्रैक है, जो फिल्म के मिजाज को बखूबी दर्शाता है। रवि बसरूर द्वारा कंपोज किया गया यह संगीत एक शक्तिशाली और गहराई भरा अहसास कराता है। निखिल एक खूंखार योद्धा के अवतार में नजर आ रहे हैं और शानदार कोरियोग्राफी के साथ असरदार मूव्स करते दिख रहे हैं। बेहतरीन विजुअल्स और धड़कनें बढ़ा देने वाली बीट्स के साथ मिलकर यह गाना फिल्म की चर्चा को और बढ़ा देता है, जो एक भव्य सिनेमाई अनुभव का वादा करता है।

​वीडियो शेयर करते हुए मेकर्स ने लिखा, ऐतिहासिक घटनाओं से प्रेरित 'स्वयंभू' को भरत कृष्णमाचारी ने भारत के स्वर्ण युग की एक भव्य श्रद्धांजलि के रूप में तैयार किया है। यह उस दौर की कहानी है जब भारत चीन, रोम, ग्रीस और दक्षिण पूर्व एशिया के साथ मजबूत व्यापारिक रिश्तों के दम पर एक ग्लोबल सुपरपावर के रूप में उभर रहा था। काफी रिसर्च के बाद बनी यह फिल्म हमारी विरासत, वीरता और सांस्कृतिक गौरव को असलियत के साथ पर्दे पर उतारती है। फिल्म की कहानी के केंद्र में 'सेंगोल' है, जो न्यायपूर्ण शासन का एक शक्तिशाली प्रतीक है और माना जाता है कि इसका नाता भगवान राम से जुड़ा है।

​फिल्म की कहानी निखिल सिद्धार्थ द्वारा निभाए गए एक खूंखार योद्धा के इर्द-गिर्द घूमती है, जो चोल काल के महान नौसैनिकों से प्रेरित है। अपनी युद्ध रणनीति और समुद्री ताकत के साथ वह साम्राज्य को एक बड़ी नौसैनिक और सांस्कृतिक शक्ति बनाने में अहम भूमिका निभाता है।

​'स्वयंभू' के लिए इंडस्ट्री के धुरंधर तकनीशियनों और क्रिएटिव लोगों की एक जबरदस्त टीम साथ आई है। डायरेक्टर भरत कृष्णमाचारी के नेतृत्व में बने इस प्रोजेक्ट में 'KGF' और 'सालार' फेम रवि बसरूर का संगीत है। वहीं, 'बाहुबली' और 'RRR' के सिनेमैटोग्राफर के.के. सेंथिल कुमार ने इसके विजुअल्स तैयार किए हैं और 'बाहुबली' के ही तम्मीराजू ने इसकी एडिटिंग संभाली है। लगभग 170 दिनों तक चली शूटिंग के साथ यह फिल्म हाल के समय के सबसे बड़े और महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट्स में से एक है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Manisha

Related News