राजकुमार हिरानी के बेटे वीर हिरानी ने 14 साल की उम्र में बनाई थी शॉर्ट फिल्म, इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में मिला था चयन

punjabkesari.in Saturday, Jul 04, 2026 - 03:25 PM (IST)

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। राजकुमार हिरानी की बहुप्रतीक्षित ओटीटी सीरीज 'प्रीतम एंड पेड्रो' हाल ही में जियोहॉटस्टार पर रिलीज हुई है। कॉमेडी, इमोशन और साइबर क्राइम से भरपूर इस सीरीज को दर्शकों और क्रिटिक्स दोनों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। कहानी के साथ-साथ कलाकारों के प्रदर्शन की भी जमकर सराहना हो रही है। खासकर डेब्यू कर रहे वीर हिरानी ने अपने किरदार ‘प्रीतम’ से दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।

थिएटर से लेकर ओटीटी तक का सफर
ओटीटी में कदम रखने से पहले ही वीर हिरानी ने अभिनय की दुनिया में अपनी पहचान बनानी शुरू कर दी थी। उन्होंने मशहूर थिएटर डायरेक्टर फिरोज अब्बास खान के नाटक 'लेटर्स ऑफ सुरेश' में ‘सुरेश’ का किरदार निभाकर काफी तारीफ बटोरी थी। मंच पर उनकी परफॉर्मेंस ने यह साबित कर दिया था कि वह अभिनय को लेकर गंभीर और समर्पित हैं।

महज 14 साल की उम्र में किया था निर्देशन
बहुत कम लोगों को यह बात पता है कि वीर हिरानी ने बेहद कम उम्र में निर्देशन की दुनिया में भी कदम रख दिया था। सिर्फ 14 साल की उम्र में उन्होंने 'रिटर्न गिफ्ट' नाम की शॉर्ट फिल्म बनाई थी। इस फिल्म का चयन इंटरनेशनल चिल्ड्रन्स फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (ICFFI) के ‘लिटिल डायरेक्टर्स’ सेक्शन में हुआ था, जो उनके टैलेंट की शुरुआती पहचान मानी जाती है।

अभिनय में भी दिखा दमदार टैलेंट
‘प्रीतम एंड पेड्रो’ में वीर हिरानी ने एक ऐसे हैकर का किरदार निभाया है जो तकनीकी रूप से बेहद समझदार है, लेकिन सामाजिक रूप से थोड़ा झिझकने वाला है। उनके इस किरदार को दर्शकों ने काफी पसंद किया है। उनकी सादगी, कॉमिक टाइमिंग और इमोशनल गहराई को भी सराहा जा रहा है।

इंडस्ट्री में मजबूत पहचान बनाते कदम
थिएटर, निर्देशन और अब एक्टिंग तीनों मोर्चों पर वीर हिरानी ने अपने हुनर का परिचय दिया है। कम उम्र में निर्देशन की शुरुआत और अब ओटीटी डेब्यू के साथ उन्होंने यह संकेत दे दिया है कि वह इंडस्ट्री में लंबी रेस के खिलाड़ी साबित हो सकते हैं।

स्टार कास्ट से सजी सीरीज
इस सीरीज में वीर हिरानी के साथ अरशद वारसी, विक्रांत मैसी और बोमन ईरानी जैसे दिग्गज कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। सीरीज का निर्देशन अविनाश अरुण ने किया है, जबकि इसे राजकुमार हिरानी ने क्रिएट और प्रोड्यूस किया है। यह उनकी पहली ओटीटी पेशकश भी है।‘प्रीतम एंड पेड्रो’ फिलहाल जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम की जा रही है और दर्शकों के बीच लगातार चर्चा में बनी हुई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansi

Related News